शिमला। हिमाचल प्रदेश में आज कोरोना वायरस से दो और मरीजों की मौत हो गई। कांगड़ा जिले में 62 वर्षीय महिला की इस संक्रमण के चलते मौत हुई है, जबकि ऊना जिले में 70 वर्षीय वृद्धा ने दम तोड़ा है। राज्य में कोरोना वायरस से हुई मौत का आंकड़ा बढ़कर 993 हो गया है। उधर, प्रदेश में आज कोरोना वायरस के 78 नए मामले पाजिटिव आए हैं। ऊना जिले में 21, कांगड़ा में 15, सोलन में 11, हमीरपुर में 8, शिमला व सिरमौर में 7-7 और मंडी जिले में 3 मामले कोरोना पाजिटिव आए हैं। राज्य में कोरोना वायरस के कुल 59675 मामले हो चुके हैं। इनमें से अब तक 57908 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। रविवार को 60 मरीज ठीक हुए हैं। प्रदेश में कोरोना वायरस के अब 760 एक्टिव केस हैं।
