रिकांगपिओ। हिमाचल प्रदेश वेटेरनरी ऑफिसर्स एसोसिएशन ने वर्ष 2022 में राज्य के पशु चिकित्सा अधिकारियों के लिए Assured Career Progression Scheme (ACPS) एवं NPA (Non-Practicing Allowance) को बंद किए जाने के निर्णय पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से इसकी पुन:समीक्षा की मांग की है।
इसी संबंध में सोमवार को हिमाचल प्रदेश वेटेरनरी ऑफिसर्स एसोसिएशन के जिला सचिव डॉ. विजेंद्र नेगी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. बी.सी. चौहान, डॉ. श्याम एवं डॉ. प्रतीक भी उपस्थित रहे।
इस दौरान डॉ. विजेंद्र नेगी ने पशु चिकित्सा अधिकारियों को ACPS एवं NPA बंद किए जाने से उत्पन्न आर्थिक एवं सेवा संबंधी समस्याओं के बारे में राजस्व मंत्री को विस्तारपूर्वक अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि राज्य के पशु चिकित्सा अधिकारी दुर्गम एवं कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में कार्य करते हुए पशुधन स्वास्थ्य, संक्रामक रोगों की रोकथाम, पशु प्रजनन, पशुपालकों को तकनीकी सेवाएं प्रदान करने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
एसोसिएशन का कहना है कि ACPS एवं NPA बंद होने से पशु चिकित्सा अधिकारियों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ उनके करियर में ठहराव, मनोबल में कमी तथा भविष्य की सेवा प्रगति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। ऐसी परिस्थितियों में इस निर्णय की पुनर्समीक्षा पशु चिकित्सा अधिकारियों के हित में अत्यंत आवश्यक है।
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए इस विषय को राज्य सरकार के समक्ष उचित स्तर पर रखने का आश्वासन दिया।
हिमाचल प्रदेश वेटेरनरी ऑफिसर्स एसोसिएशन राज्य सरकार से विनम्र आग्रह किया कि पशु चिकित्सा अधिकारियों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए ACPS एवं NPA बंद करने के निर्णय की शीघ्र पुनर्समीक्षा की जाए तथा आवश्यक सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
एसोसिएशन का मानना है कि ACPS की पुनर्बहाली से पशु चिकित्सा अधिकारियों में व्याप्त आर्थिक एवं सेवा संबंधी असमानताओं को कम करने के साथ-साथ उनके मनोबल, कार्यप्रेरणा एवं पेशेवर दक्षता में भी वृद्धि होगी। इससे प्रदेश में पशुपालकों एवं पशुधन के हित में पशु चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी। एसोसिएशन को आशा है कि प्रदेश सरकार इस महत्वपूर्ण विषय पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र एवं सकारात्मक निर्णय लेगी।
