शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने डीज़ल, पेट्रोल और एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में हो रही लगातार बढ़ोतरी पर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों ने आज देश को बर्बाद करके रख दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने इन तेल कंपनियों को देश के लोगों को लूटने की खुली छूट दे दी है। राठौर ने एलपीजी सिलेंडर के मूल्यों में एकमुश्त 50 रुपए की बढ़ोतरी को गैरबाजिब बताते हुए कहा कि इसका सीधा असर आम और गरीब लोगों के साथ-साथ महिला वर्ग पर पड़ रहा है, जिन्हें सीमित साधनों व सीमित आय के चलते अपने घर का चूल्हा-चौका चलाना पड़ता है। देश मे बढ़ती बेरोजगारी ने पहले ही लोगों के जीवन पर विपरीत असर डाला है, वहीं दूसरी तरफ बढ़ती महंगाई ने लोगों की कमर तोड़ कर रख दी है।
कुलदीप राठौर ने कहा कि इसी तरह पेट्रोल और डीजल जो 100 रुपए के आस-पास पहुंच गया है। हर रोज इसके मूल्यों में बढ़ोतरी कर सरकार देश को अपने चुनावी वायदे के अच्छे दिन दिखा रही है। उन्होंने कहा कि देश में यूपीए सरकार के समय एलपीजी सिलेंडर की कीमत 436 रुपए के आस-पास होती थी, आज वह डबल से बढ़कर 866 रुपए से भी ज्यादा हो गया है।इसी तरह तेल जो 45 से 50 रुपए के आस-पास मिलता था, आज डबल से ज्यादा 100 रुपए तक पहुंच गया है। बावजूद इसके सरकार को इसकी कोई भी चिंता नहीं दिखती।
राठौर ने कहा कि यूपीए सरकार के समय अगर यदाकदा पांच, सात रुपए किसी भी वस्तु के बढ़ जाते थे, तो भाजपा के नेता सड़कों पर उतर कर हाय तौबा करते थे। आज यही नेता कहीं अंधेरे में अपना मुंह छुपा कर बैठे हैं। आज इन्हें न तो महंगाई नज़र आ रही है और न ही लोगों की कोई समस्या दिख रही है। उन्होंने कहा कि आज देश की आवाज को दबाया जा रहा है। देश का किसान काले कृषि कानूनों को लेकर पिछले तीन महीनों से दिन-रात सड़कों पर बैठा है। उनकी आवाज को दबाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, देश के लोगों व किसानों के साथ उनकी आवाज बन कर खड़ी है।
