Spread the love

शिमला।प्रदेश में अब कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी से कमी आ रही है। इसके चलते लाहौल-स्पीति जिले के बाद अब हमीरपुर जिला भी कोरोना मुक्त हो गया है। राज्य में सोमवार को कोरोना वायरस के 21 नए मामले पाजिटिव आए हैं। पांच जिलों में कोई भी नया मामला नहीं आया है। कांगड़ा जिले में 6, किन्नौर, मंडी व शिमला जिले में 3-3, सिरमौर, सोलन व ऊना जिले में 2-2 मामले कोरोना के नए मामले आए हैं। राज्य में कोरोना वायरस के कुल 58243 मामले हो चुके हैं। इनमें से अब तक 56851 मरीज ठीक हो चुके हैं और सोमवार को 34 मरीज स्वस्थ हुए हैं। राज्य में कोरोना वायरस के 398 एक्टिव केस हैं। 

इस बीच, हमीरपुर जिला कोरोना मुक्त हो गया है। इस समय जिला में कोरोना संक्रमण का कोई भी एक्टिव केस नहीं बचा है। उपायुक्त देवाश्वेता बनिक ने इसके लिए सभी जिलावासियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार के दिशा-निर्देशों, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों तथा सभी जिलावासियों के सहयोग से हमीरपुर जिला ने यह कामयाबी हासिल की है। उपायुक्त ने कहा कि सरकार की ओर से समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए जहां सभी अधिकारियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मचारियों और अन्य कर्मचारियों ने एक टीम की तरह कार्य किया, वहीं सभी जिलावासियों ने भी कोविड-19 से संबंधित नियमों एवं सावधानियों का पालन करके भरपूर सहयोग किया। गौर हो कि इससे पहले लाहौल-स्पीति जिला कोरोना मुक्त हो चुका है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *