कुल्लू। कुल्लू जिले के भुंतर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के बलिदान दिवस पर आयोजित “समर्पण दिवस” कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कुप्रबंधन से प्रदेश की अर्थव्यवस्था गंभीर संकट में है और सरकार अपनी नाकामियों का ठीकरा केंद्र सरकार पर फोड़ रही है।

जयराम ठाकुर ने रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट (आरडीजी) का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में हिमाचल को पहले की तुलना में कहीं अधिक सहायता मिली। उन्होंने बताया कि 2010-14 में हिमाचल को 7800 करोड़ रुपये की आरडीजी मिली थी, जबकि 2015 से 2020 के बीच यह राशि बढ़कर करीब 45 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इसके बावजूद कांग्रेस सरकार लगातार केंद्र पर झूठे आरोप लगाकर जनता को गुमराह कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि चुनाव के दौरान दी गई गारंटियों का बोझ अब केंद्र पर डालने की कोशिश की जा रही है, जो उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर जनता पर टैक्स और कटौती का बोझ डालने की तैयारी में है, वहीं दूसरी ओर अपने ‘मित्रों’ को लाभ पहुंचाकर प्रदेश की संपदा लुटा रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष के नाते वे सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज बने रहेंगे। कार्यक्रम में पूर्व सांसद महेश्वर सिंह सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित रहे।
