शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा है कि तीन कृषि कानूनों से किसानों को अधिक लाभ होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिचौलियों से आजादी, फसल बेचने की बंदिशों से आजादी, नए कृषि सुधार कानूनों से मिली आजादी पाकर देश के किसान पीएम नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दे रहे हैं।
कश्यप ने मंगलवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि देश का किसान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा बनाये गये कृषि कानूनों का महत्व समझता है। विभिन्न राज्यों से आये किसान प्रतिनिधियों ने आज इन बिलों को अपना समर्थन देते हुए कहा कि ये बिल किसानो के हित में हैं और पंजाब के किसानों का आंदोलन राजनीति प्रेरित है। ऐसे में किसी भी कीमत पर ये कानून वापस नहीं होने चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन किसानों की नहीं, बल्कि राजनीतिक गुटों की लड़ाई हो गई है। उन्होंने कहा कि जब से ये कृषि सुधार बिल आए हैं तब से देश में जितने भी चुनाव हुए हैं, उसमें भाजपा की जीत हुई है और इससे साबित होता है कि गांव, गरीब और किसान नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रवासी मजदूरों को लेकर जो भ्रम फैलाया जा रहा था, उसमें भी पीएम मोदी ने 80 करोड़ गरीबों तक 8 महीनों तक लगातार अनाज पहुंचाने का काम और ग्रामीण रोजगार के माध्यम से प्रवासी मजदूरों को गांव में रोजगार देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि वे गर्व के साथ कहना चाहते हैं कि कोरोना काल में प्रधानमंत्री मोदी ने जो कोविड मैनेजमेंट किया, उसमें कोविड मैनेजमेंट की जीत हुई और जो भ्रम विपक्षियों और राहुल गांधी ने फैलाया था वो टूटा है। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज चुनावों को लेकर भाजपा पूर्ण रूप से तैयार है और भाजपा बूथ स्तर पर पन्ना प्रमुखों के माध्यम से काम कर बड़ी संख्या में पंचायतीराज चुनावों में अपने प्रतिनिधियों की जीत सुनिश्चित करेगी।
सुरेश कश्यप ने कहा कि जिस प्रकार से केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश में जयराम सरकार ने जनहित के कार्य किए हैं उसको लेकर भारतीय जनता पार्टी बूथ-बूथ पर जाकर जनता को जागृत करेगी और लाभार्थियों से संपर्क साधते हुए पंचायतीराज चुनावों में बड़ी जीत हासिल करेगी। उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर भाजपा सुशासन दिवस बूथ स्तर पर मनाएगी और इस दिन भाजपा बड़ी मात्रा में सैनिटाइजर एवं मास्क वितरण के कार्यक्रम भी करेगी। प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जमवाल, त्रिलोक कपूर एवं प्रदेश सचिव पायल वैद्य उपस्थित रहे।
