Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा के उस दावे को पूरी तरह झूठा बताया है, जिसमें उन्होंने 22 नगर परिषद व नगर पंचायतों में अपनी जीत का दावा किया है। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह पठानिया ने बुधवार को यहां कहा कि भाजपा को अधिकतर नगर निकाय चुनावों में हार का मुंह देखना पड़ा है। एक ओर जहां कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने भाजपा को करारी शिकस्त दी है, वहीं भाजपा के खिलाफ निर्दलियों ने भी इनकी उम्मीदों में पानी फेर दिया। 

पठानिया ने कहा कि जिस प्रकार से भाजपा नेताओं ने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग व चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया है वह सब लोगों के सामने है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शहरी क्षेत्र के लोगों ने भाजपा के धन-बल को ठुकराते हुए भाजपा को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा के नेता अधिकारियों पर दवाब बना कर उन्हें नगर परिषदों व नगर पंचायतों को बनाने का दवाब बनाए हुए हैं। कई जगह पर निर्दलियों और कांग्रेस के जीते उम्मीदवारों को अपनी तरफ करने को प्रलोभन दिए जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दो चरणों मे हुए ग्राम पंचायतों के चुनावों में भी कांग्रेस का शानदार प्रदर्शन रहा है। उन्होंने कहा कि तीसरे चरण के बाद जब पूरे परिणाम जिला परिषद व बीडीसी के सामने आएंगे, उनमें अधिकतर कांग्रेस की जीत होगी।

कुलदीप पठानिया ने भाजपा अध्यक्ष के दावे को पूरी तरह नकारते हुए कहा कि वह झूठ बोल कर लोगों को गुमराह करने का पूरा प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नगर निकाय चुनावों में जोड़-तोड़ की राजनीति व खरीद-फरोख्त कर निर्दलियों के साथ मिलकर वह नगर निकायों की सत्ता हथियाने का पूरा प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जोड़-तोड़ की राजनीति ज्यादा समय तक नहीं चलती और इसका पूरा परिणाम नगर निगम चुनावों के बाद अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों में देखने को मिलेगा, जब उसे प्रदेश के लोग सत्ता से बाहर करेंगे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *