शिमला। भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा है कि हिमाचल की जनता ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर पंचायतीराज चुनावों में प्रचंड बहुमत दिलाकर तोहफा दिया है। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर हिमाचल में पंचायतीराज चुनावों में भारतीय जनता पार्टी का दबदबा है और अभी तक राज्य में 75 फीसदी से अधिक सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है।
खन्ना ने इस जीत का श्रेय केंद्र में मोदी सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं और प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की कार्यप्रणाली को दिया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से हिमाचल का संगठन धरातल पर कार्य कर रहा है, उसका ही यह परिणाम है कि इस प्रकार के नतीजे सामने आ रहे है, जिसमें जनता का प्रचंड बहुमत भारतीय जनता पार्टी की ओर आता दिखाई दे रहा है। अविनाश राय खन्ना ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक सैद्धांतिक राजनीतिक दल है और सिद्धांत के साथ राजनीति करती है और इसको हिमाचल की जनता ने सराहा है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने 28 नगर निकायों पर जीत हासिल की है। यह राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को बड़ा तोहफा हिमाचल की जनता और हिमाचल की संगठन की तरफ से दिया गया है।
