शिमला। लोक निर्माण, युवा सेवा एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को यहां शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में जनोल में 30, लाख से निर्मित सामुदायिक लोक भवन एवं 33 लाख रुपए से निर्मित पंचायत घर का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार हर वर्ग एवं हर क्षेत्र के विकास के प्रति कटिबद्ध है और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के कल्याण के प्रति वचनबद्ध है। साथ ही राज्य सरकार का बजट जन हितेषी और ग्रीन राज्य की ओर एक सार्थक कदम है और प्रदूषण मुक्त हिमाचल का निर्माण करना मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का सपना है।
लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि वर्तमान राज्य सरकार दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है और इस कड़ी के तहत हिमगंगा योजना के लिए 500 करोड़ का प्रावधान किया गया है जिससे पशुपालकों की आर्थिकी को संबल प्रदान होगा। उन्होंने शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में भारी बहुमत से जीतने पर जनता का आभार जताया और कहा कि 16 मील राजकीय महाविद्यालय में घर द्वार पर स्थानीय छात्र-छात्राओं को शिक्षा उपलब्ध हो रही है और विज्ञान विषय की कक्षाएं शीघ्र शुरू करवाने का आश्वासन दिया। विक्रमादित्य सिंह ने युवाओं से आह्वान किया कि वे तकनीकी शिक्षा और वोकेशनल ट्रेनिंग के प्रति सकारात्मक रुझान रखें और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के युग में कड़ी मेहनत करें। उन्होंने क्षेत्र के लोगों जन समस्याएं सुनी और उनका त्वरित निवारण भी किया और अपनी विधायक निधि से 10 लाख रुपए देने की घोषणा की।
उन्होंने नई खेल नीति पर चर्चा की और बताया कि ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान किया जाएगा ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना लोहा मनवा सकें। इससे पूर्व, स्थानीय प्रधान जीत सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और उनके समक्ष अपनी मांगें प्रस्तुत की।
इस अवसर पर शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा, पूर्व अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा, पूर्व विधायक सोहन लाल, जिला परिषद सदस्य प्रभा वर्मा, उपमंडल अधिकारी शिमला ग्रामीण निशांत कुमार, खंड विकास अधिकारी टूटू निशांत शर्मा, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी गण एवं कर्मचारी उपस्थित थे।