शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह रविवार को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुई। वह कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ यात्रा में चल कर रही हैं। प्रतिभा सिंह ने मध्य प्रदेश के महू से राहुल गांधी के साथ यात्रा शुरू की। प्रतिभा सिंह ने राहुल गांधी को हिमाचल टॉपी पहनाकर सम्मानित भी किया।
प्रतिभा सिंह बीती शाम ही मध्य प्रदेश के महू पहुंच गई थी। उनके साथ शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह और युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर भी शामिल हैं। भारत जोड़ो यात्रा महू से इंदोर जिला के लिए आगे बढ़ी है। प्रतिभा सिंह ने बीती रात महू में ही एक जनसभा को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस ने एकजुट होकर चुनाव लड़ा है।
बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा का आज 79वां दिन है। जबकि मध्य प्रदेश में यात्रा का पांचवां दिन है। राहुल गांधी की यह यात्रा देश के 12 राज्य से होकर जाएगी। बताया जा रहा है कि अगले कुछ दिन में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी इस यात्रा में शामिल हो सकते हैं।
