Spread the love

शिमला। भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को लेकर बेबुनियाद बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुकेश अग्निहोत्री केवल अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश कर रहे हैं। वर्तमान में कांग्रेस की लड़ाई सड़कों तक उतर आई है। शायद कांग्रेस नेता को यह लड़ाई नहीं दिखती।

जम्वाल ने कहा कि जिस प्रकार से जयराम सरकार ने शराब, खनन व वन माफिया पर नकेल कसी है वह ऐतिहासिक है। इस प्रकार से आज से पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि लगता है कि नेता प्रतिपक्ष अपनी कुर्सी बचाने में लगे हैं, तभी अपनी राजनीति चमकाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता जानती है कि काम किसने किया है और लोगों को गुमराह किसने किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पता है कि आने वाले विधानसभा चुनावों में वह भाजपा से एक बार फिर हारने वाले हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि हिमाचल में केंद्र सरकार के जल जीवन मिशन के तहत चम्बा जिले में सभी घरों को पेयजल कनेक्शन देने का लक्ष्य हासिल कर लिया है। चंबा ज़िला में 1 लाख 21 हजार 33 घरों को नल के माध्यम से जल पहुंचा दिया गया है। इससे स्पष्ट है कि प्रदेश में डबल इंजन सरकार विकास का अद्भुत काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में ऊना जिला चहुंमुखी विकास का गवाह बना है। हमारी सरकार द्वारा ऊना में 1600 करोड़ के विकास कार्यों को किया जा रहा है।त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश भाजपा सरकार प्रतिमाह 60 यूनिट विद्युत खपत पर प्रदेश के घरेलू उपभोक्ताओं से कोई विद्युत शुल्क नहीं लेगी। साथ ही 125 यूनिट विद्युत खपत वाले घरेलू उपभोक्ताओं से प्रति यूनिट केवल 1 रुपया विद्युत शुल्क लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को जनता के हक के काम देखने चाहिए और फिर टिप्पणी करनी चाहिए। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *