Spread the love

शिमला। भाजपा प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि भाजपा में छोटे से छोटे कार्यकर्ता का भविष्य उज्जवल है, लेकिन कांग्रेस एवं अन्य राजनीतिक दलों में छोटे-छोटे कार्यकर्ताओं को नेतृत्व करने का मौका नहीं मिलता और केवल बड़े परिवारों का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा एवं कांग्रेस की तुलना की जाए तो भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित राजनीतिक दल है और कांग्रेस परिवार आधारित है। टंडन ने कहा कि आज अगर देश और प्रदेश में नजर दौड़ाएं तो देश में केवल कांग्रेस पार्टी में गांधी परिवार का बोलबाला है। अगर कांग्रेस पार्टी में कोई भी निर्णय लेना होता है तो गांधी परिवार से पूछे बिना नहीं लिया जा सकता। हिमाचल प्रदेश में भी एक परिवारवाद का उदाहरण कांग्रेस पार्टी में निकल कर आया है, जहां विक्रमादित्य सिंह कांग्रेस पार्टी के विधायक शिमला ग्रामीण से हैं और अब उनकी माता प्रतिभा सिंह मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेश की प्रत्याशी हैं। वहीं, फतेहपुर एवं जुब्बल-कोटखाई में भी एक ही परिवार का दबदबा दिखाई दे रहा है। 

संजय टंडन ने कहा कि देखा जाए तो एक ही परिवार से 2 टिकटें दी गई हैं और क्या कांग्रेस पार्टी में कोई कार्यकर्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा में एक छोटे से परिवार से संबंध रखने वाला व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री बन सकता है और हिमाचल प्रदेश में भी एक गरीब परिवार से संबंध रखने वाला व्यक्ति मुख्यमंत्री बन सकता है, ऐसा कांग्रेस में बिल्कुल भी संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में हमेशा राजघराने या बड़े परिवारों का दबदबा रहा है, जिस कारण छोटे-छोटे कार्यकर्ता केवल कार्यकर्ता ही रह जाते हैं और एक पार्टी का नेतृत्व करने में अहम भूमिका नहीं निभा पाते।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *