Spread the love

मंडी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र सिराज के सरोहा में कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कोरोना संकट आया तो कांग्रेस ने केवल शोर मचाने का काम किया, लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस देश ने मजबूती से इसका सामना किया और आज देश से कोरोना समाप्त होने जा रहा है।

मंडी संसदीय सीट से भाजपा उम्मीदवार खुशाल ठाकुर को समर्थन में चुनावी जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में भी कांग्रेस के नेता केवल शोर मचाते रहे। कांग्रेसी बेशक कुछ भी कहते रहें, लेकिन अगर पूरे देश में कोविड मैनेजमेंट में किसी राज्य ने बेहतर प्रदर्शन किया तो वह हिमाचल है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन लगाने में भी हिमाचल जैसा पहाड़ी प्रदेश अव्वल रहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग तो ये प्रचार करते रहे कि कोरोना की वैक्सीन को मत लगवाओ, इसके कई साइड इफेक्ट गिनवाए। वही कांग्रेसी नेता वैक्सीन लगवाने के लिए कतार में लगे रहे। उन्होंने कहा कि प्रचार के दौरान कांग्रेस के नेता जिस तरह की भाषा इस्तेमाल कर रहे हैं, वह उनके कार्यकर्ताओं को भी पसंद नहीं आ रही। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी में कांग्रेस नेता ने जिस तरह से भाषण दिया, उससे हर कोई आहत है। कांग्रेस के लोगों ने भी कहा कि उन्हें भी ये भाषा पसंद नहीं आई। उन्होंने कहा कि मंडी के लोग उनको इसका जवाब देंगे। मुख्यमंत्री ने लोगों से इस बार भी भाजपा को भारी बढ़त देने का आग्रह करते हुए कहा कि दो तारीख को चुनाव परिणाम आएगा। चार तारीख को हम शानदार तरीके से दिवाली मनाएंगे, इस बार की दिवाली डबल जश्न वाली होनी चाहिए। 
मुख्यमंत्री ने इस दौरान प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हिमाचल की 68 विधानसभा क्षेत्रों में 300-400 करोड़ के विकास कार्य चल रहे हैं। साथ ही सराज विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्य भी गिनाए। मुख्यमंत्री ने सरोआ में लोगों से भाजपा प्रत्याशी खुशाल ठाकुर को वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमें मंडी संसदीय सीट से खुशाल ठाकुर को जिताकर दिल्ली भेजना है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *