मंडी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने निर्वाचन क्षेत्र सिराज में कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हिमाचल को छह बार मुख्यमंत्री देने वाले क्षेत्र में आज भी कई जगहें ऐसी हैं, जहां पैदल जाना पड़ता है। जयराम ठाकुर ने कहा कि रोहड़ू में जो काम छह बार मुख्यमंत्री रहने के बावजूद नहीं हो पाया, उन्होंने वह चार साल में कर दिया। वे मंगलवार को मंडी संसदीय हलके के सिराज विधानसभा क्षेत्र के बालीचौकी और बसान में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते हैं कि सारा विकास सराज में हो रहा है। सराज विधानसभा का विधायक होने के नाते उनकी भी फर्ज है कि यहां भी विकास कार्य करवाए जाएं। लेकिन कोई आज पक्षपात या भेदभाव का आरोप नहीं लगा सकता। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल के सभी विधानसभा क्षेत्रों में 200-300 करोड़ के विकास कार्य हो रहे हैं और कहीं पर तो इससे भी ज्यादा विकास कार्यों पर खर्च हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान महंगाई और बेरोजगारी को लेकर कहा कि केंद्र सरकार ने महंगाई को रोकने के लिए हर संभव कोशिश की। हिमाचल में भी जब सरसों की कीमत बढ़ी तो सरकार ने लोगों को राहत देने के लिए तेल पर सब्सिडी दी, ताकि लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में भी महंगाई बढ़ती रही। उनके जमाने में प्याज की कीमत 130 रुपए से अधिक बढ़ गई थी और सिलेंडर के दाम भी 1200 के पार थे। तब कांग्रेस ने क्या किया था।
जयराम ठाकुर ने इस दौरान क्षेत्र में किए विकास कार्य भी गिनवाए। साथ ही कहा जो कार्य अभी भी रह गए हैं उन्हें आने वाले समय में जरूर पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने हमेशा से ही गरीबों के लिए काम किया है। सराज विधानसभा क्षेत्र में सड़कों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक वे जनता की पीठ से सारा बोझ नहीं उतार देते, तब तक रुकेंगे नहीं। ये बोझ आपकी पीठ पर नहीं मेरी पीठ पर है। आज विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में सड़क पहुंचा दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस आज एक परिवार तक सिमट कर रह गई है। इसके विपरीत बीजेपी आम कार्यकर्ताओं की पार्टी है। आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का अध्यक्ष एक आम व्यक्ति है। वे भी एक साधारण कार्यकर्ता से उठकर आज प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा, “मुझे कहते हैं कि मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से जाता है, आप क्या घोड़ा गाड़ी में जाते थे? 1993 के बाद से हिमाचल सरकार के पास हेलीकॉप्टर है। जो पैसे वो खर्च करते थे, वो सभी लोगों को पता है कहां खर्च होते थे। वो जाते थे दिल्ली-शिमला, शिमला-दिल्ली। हम हेलीकॉप्टर से डोडरा क्वार जा रहे हैं, हम हिमाचल के दुर्गम क्षेत्रों में काम करने के लिए जा रहे हैं।”
मंडी लोकसभा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी खुशाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के लोग उन पर निजी हमले करने पर उतर आए हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को यह नहीं बताया जा रहा कि दो बार सांसद रहते हुए उन्होंने क्या किया। अब तो इन्होंने व्यक्तिगत हमला भी शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल में अथाह विकास हुआ है।
भाजपा प्रत्याशी ने लोगों से वोट देने की अपील करते हुए कहा कि आपका सांसद, आपका बेटा होने के नाते में केंद्र में जाता हूं तो यहां की समस्याएं, नेशनल हाईवे का मुद्दा उठाऊंगा और पर्यटन की दृष्टि से यहां के लिए जो बन सकेगा, वो करने की कोशिश करूंगा। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि जिस लग्न और मेहनत से मैंने अन्य जिम्मेदारियों को निभाया है, मैं इस जिम्मेदारी को भी पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाऊंगा।
