आनी। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रतिभा सिंह मजबूर नहीं, मजबूत प्रत्याशी हैं। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के जाने के बाद उनकी नेता प्रतिभा सिंह को वह अकेली व कमजोर समझने की कोई भूल न करे। उन्होंने कहा कि नारी कभी मजबूर नहीं होती, बल्कि हर परिस्थिति में मजबूत होती है। वे मंगलवार को कुल्लू जिले के निरमंड और आनी में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह की चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।
अग्निहोत्री ने भाजपा नेताओं से महिलाओं का सम्मान करने और उनकी नेता के खिलाफ किसी भी असभ्य भाषा से पूरी गुरेज करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह उस परिवार से संबंध रखती है, जिसने इस प्रदेश में बहुत लम्बे समय तक कांग्रेस सरकार का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि स्व. वीरभद्र सिंह ने आधुनिक हिमाचल का निर्माण किया। उन्होंने कहा कि भले ही वीरभद्र सिंह अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन प्रतिभा सिंह के रूप में आज भी उनका आशीर्वाद व स्नेह हमारे पास है।
मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री से पूछा कि वह बताए कि उन्होंने अपने चार साल के इस शासनकाल में प्रदेश को क्या दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि महंगाई कांग्रेस की देन है, इस पर पलटवार करते हुए अग्निहोत्री ने कहा कि जब वीरभद्र सिंह के समय महंगाई बढ़ी तो उन्होंने पीडीएस के तहत सस्ते राशन की एक बड़ी योजना शुरू की। आज प्रदेश में यह योजना दम तोड़ रही है। गैस का सिलेंडर 1100 व पेट्रोल 103 रुपए हो गया है। उनके शासनकाल में प्रदेश के पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को सरकारी नोकरियां मिलती थी, लेकिन आज यहां बाहरी राज्यों के लोगों को मिल रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि वह इन दिनों हेलीकॉप्टर पर ज्यादा उड़ रहे हैं और जमीन पर पैर नहीं रख रहे हैं। यही वजह है कि उन्हें न तो धरातल पर सड़कों की हालत का कोई पता है और न ही जनसमस्याओं की ही कोई जानकारी है। उन्होंने कहा कि न तो भाजपा को और न मुख्यमंत्री को लोगों से वोट मांगने का कोई अधिकार है। अग्निहोत्री ने जयराम ठाकुर पर आरोप लगाया कि उन्होंने आज प्रदेश को भारी कर्जों में डूबो दिया है। यह पहले मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने अपने इस कार्यकाल में 40 हजार करोड़ का कर्ज लिया है और जब वह अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद सत्ता से बाहर होंगे, तब अपनी विरासत में 85 हजार करोड़ का कर्ज छोड़ कर जाएंगे। अग्निहोत्री ने लोगों से पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि स्वरूप प्रतिभा सिंह को भारी मतों से जिताने का आह्वान करते हुए कहा कि इस प्रदेश व हम पर उनके बहुत अहसान है। इसलिए वोट प्रतिभा सिंह को ही देना होगा।
