शिमला। भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन ने कहा है कि देश और प्रदेश में कांग्रेस में नेतृत्व का दिवालियापन हो गया है। उन्होंने कहा कि चाहे केंद्र में देखें या प्रदेश में, कांग्रेस के पास किसी भी प्रकार का नेतृत्व नहीं है। इस कारण कांग्रेस पार्टी को समझ नहीं आ रहा कि क्या रणनीति बनानी चाहिए। इसका प्रमाण कांग्रेस के नेताओं द्वारा दिए गए बचकाने बयानों से हो रहा है। वे मंगलवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे।
टंडन ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता जागरूक है और उन्होंने कांग्रेस एवं भाजपा के सभी कार्यों को देखा और परखा है। उन्होंने कहा कि इन उपचुनावों में जनता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सरकार के विकास कार्यों पर मोहर लगाने जा रही है। भाजपा की इन उपचुनावों में जीत पक्की है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में डबल स्क्वायर सरकार चल रही है। देश में नरेंद्र मोदी सरकार, प्रदेश में जयराम ठाकुर सरकार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के कार्यों के बूते प्रदेश में विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में भाजपा के उम्मीदवारों को जीता कर जयराम एवं नरेंद्र मोदी सरकार के हाथ और मज़बूत करने है।
संजय टंडन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इतने सालों में स्वास्थ्य सेवा का एक मजबूत ढांचा नहीं बना पाई, लेकिन देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व में और जयराम ठाकुर ने नेतृत्व में प्रदेश अव्वल आ रहा है। आज हिमाचल के पास अनेकों मेडिकल कॉलेज हैं और एम्स भी है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में सुशासन की सरकारें चल रही हैं। ऐसा सुशासन कांग्रेस अपने कार्यकाल में नहीं दे पाई। उन्होंने कहा कि भाजपा हिमाचल प्रदेश में मज़बूत है और आने वाले चुनावों में जनता भजापा के पक्ष में मतदान करने जा रह है।
