शिमला। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के पूर्ण हुए 7 साल बेमिसाल रहे हैं। उन्होंने कहा है कि इन 7 वर्षों के कार्यों को स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। इस कार्यकाल में कई राष्ट्रहित और जनहित के अनगिनत फैसले लिए गए, जिसको आने वाली पीढ़ी भी याद रखेगी। वे सोमवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे।
शर्मा ने कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार, जिसने 10 साल के केंद्र में राज किया था, वह पॉलिसी पैरालिसिस की सरकार थी। उस सरकार में निर्णय लेने की कोई क्षमता नहीं थी। केंद्र में फिर आई नरेंद्र मोदी सरकार ने यह दिखा दिया कि वह निर्णय ले सकती है और कार्य कर सकती है। उन्होंने कहा कि भारत विश्वगुरू एवं सोने की चिड़िया था और अब फिर एक बार बनेगा। उन्होंने कहा कि हमारे देश ने हर क्षेत्र में तरक्की की है। यूपीए सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ कुछ नहीं किया, लेकिन केंद्र की सरकार ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सर्जिकल स्ट्राइक भी की और एयर स्ट्राइक भी की तथा पाकिस्तान के नकारात्मक प्रयासों को मुंह तोड़ जवाब दिया। उनका कहना था कि केंद्र सरकार ने भारत की एकता और अखंडता के लिए 370 और 35ए को हटाकर एक देश में एक विधान, एक निशान और एक संविधान लागू किया।
रणधीर शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने तीन तलाक समाप्त करके मुस्लिम माताओं और बहनों को उनका अधिकार दिलाया। भूतपूर्व सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन की लंबित मांग पूरी की। पिछड़े वर्गों के लिए 8 करोड़ परिवारों को गैस उप्लब्ध करवाई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक करोड़ घर बनाए। आयुष्मान भारत से गरीब लोगों के लिए गंभीर बीमारियों से लड़ने की शक्ति प्रदान की। वहीं, किसानों के लिए एमएसपी डेढ़ गुना बढ़ाया और किसान सम्मान निधि देकर उनको आर्थिक सहायता दी तथा भ्रष्टाचार देश से समाप्त किया। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि 14वें वित्त आयोग में हिमाचल प्रदेश को 42,000 करोड़ रुपए की राशि दी, जिसके लिए वे केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र ने कोरोना संकटकाल के समय हिमाचल प्रदेश को 204 करोड़ की राशि प्रदान की और अनेकों उपकरण देकर हिमाचल प्रदेश को कोरोना से लड़ने के लिए सक्षम बनाया।
रणधीर शर्मा ने कहा कि महंगाई वैश्विक मूल्य वृद्धि के कारण होती है और इसमें वैश्विक महामारी एक बहुत बड़ा कारण है। जैसे ही स्थिति सामान्य होगी, महंगाई भी नीचे आएगी। उन्होंने कहा की नेशनल हाईवे के ऊपर कांग्रेस पार्टी को बोलने का कोई अधिकार नहीं हैष। जब प्रदेश में कांग्रेस पार्टी 5 वर्ष के लिए विराजमान थी तो उन्होंने डीपीआर तक नहीं बनाई, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की जयराम सरकार इन नेशनल हाईवे का काम पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि देश का किसान सड़क पर नहीं, खेतों में काम कर रहा है। जो किसान आंदोलन कर रहा है, वह आंदोलनकारी किसान हैं, जो किसानों के साथ दलाली का कार्य करते थे। असली किसान को पता है कि प्रधानमंत्री उनका ध्यान रखते हैं।
शर्मा ने कहा कि आज कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह जो बयान दे रहे हैं वह मजबूरी में बोल रहे हैं। ऐसे बयान एक विधायक को शोभा नहीं देते। उनका कहना था कि भाजपा के मंत्री काम में विश्वास रखते हैं और स्वास्थ्य मंत्री घर-घर जाकर कोरोना कीटों का वितरण भी कर रहे हैं और संक्रमित लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी भी ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी के विधायक कोरोना किट का वितरण करना चाहते हैं तो वह अपने जिलाधीश से मिलकर कीटों को जनता के बीच ले जा सकते हैं। प्रेस वार्ता में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी करण नंदा एवं जिला शिमला के अध्यक्ष रवि मेहता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
