कुल्लू। शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर से प्रत्येक व्यक्ति को अपना बचाव करना है। यह काफी जानलेवा है। हालांकि कर्फ्यू लगाने से मामलो में लगातार कमी आ रही है, लेकिन मौत का आंकड़ा चिंता का सबब बना हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्वयं प्रदेश में कोरोना संकट से पार पाने के लिए मोर्चा संभाला है। इसी प्रकार, जिलों में मंत्री व विधायक सभी संकट की इस घड़ी में लोगों को सुविधाएं जुटाने में लगे हैं। अस्पतालों में कोविड मरीजों के लिए उपचार की बढ़िया सुविधा मिले, इसके लिए वह हर रोज स्वास्थ्य विभाग के साथ समीक्षा कर रहे हैं। जहां पर भी किसी प्रकार की कमी दिखाई देती है अथवा लोगों की मांग आती है, उसी प्रकार की व्यवस्था बनाने की कोशिश की जा रही है।
प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है आक्सीजन
शिक्षा मंत्री ने केन्द्र द्वारा प्रदेश के लिए आक्सीजन का कोटा 30 मीट्रिक टन से बढ़ाकर 40 मीट्रिक टन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जिला में आक्सीजन की कोई कमी नहीं है। डीसीएचसी कुल्लू में प्रत्येक बिस्तर में ऑक्सीजन की सप्लाई सुनिश्चित बनाई गई है। कोविड मरीजों की देखभाल कर रहे किसी भी स्वास्थ्य संस्थान में ऑक्सीजन प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है।
