Spread the love

कुल्लू। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने लोक निर्माण व जल शक्ति विभागों के अभियंताओं से कहा कि मनाली विधानसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन विभिन्न सड़कों, पुलों व पेयजल योजनाओं के निर्माण कार्य को तय समय सीमा अवधि में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि हालांकि कोरोना का संकट जारी है, जिस कारण निर्माण कार्य में थोड़ा व्यवधान आना स्वाभाविक है, लेकिन यदि प्रतिबद्धता के साथ काम किया जाए तो निश्चित अवधि तक कार्यों को पूरा करने में कठिनाई नहीं होनी चाहिए। वे बुधवार को मनाली में विभागीय अभियंताओं के साथ विभिन्न परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे।

ठाकुर ने कहा कि विकास की गति में ठहराव न आए, इसी दृष्टि से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू के बावजूद निर्माण कार्यों के लिए छूट दी है। हार्डवेयर व निर्माण सामग्री की दुकानों को खोलने के अलग से आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मनाली में ब्यास नदी के वाम तट को जोड़ने वाला तथा सोेलंग घाटी व जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति को एप्रोच वाला महत्वपूर्ण पुल का निर्माण अंतिम चरण पर है। कोरोना संकट से उभरने के उपरांत जल्द ही मुख्यमंत्री इस पुल को जनता को समर्पित करेंगे। गोविंद ठाकुर ने कहा कि 7.60 करोड़ रुपए की लागत से खड़ीहार से लिंगर-बान्सु सड़क का निर्माण कार्य जून 2021 तक पूरा करने के प्रयास किए जाने चाहिए। इसी प्रकार बदाह-पाहनाला से शिलिहार सडक का निर्माण पूरा करने के लिए 30 जून 2021 की तिथि निर्धारित की गई है और इसके निर्माण पर 1129.36 लाख की लागत आएगी। बुआई गांव के लिए पीज से सम्पर्क 661.45 लाख रुपए की लागत से सड़क का कार्य भी जारी है और इसे भी जून 2021 तक पूरा करने के प्रयास किए जाएंगे। 
शिक्षा मंत्री ने कहा कि कुल्लू में बस अड्डे का निर्माण कार्य लगभग पूरा होने वाला है। इसका निर्माण जोरों पर है। मुख्यमंत्री इसका लोकार्पण करेंगे। 938.65 लाख रुपए की लागत से बनने वाले राजकीय डिग्री कालेज कुल्लू के प्रशासनिक खंड का निर्माण कार्य अगले दो महीनों में पूरा करने के लिए विभाग को कहा गया है। उन्होंने कहा कि 6.93 करोड़ रुपए की लागत से रामशिला से भेखली-जिंदौड़-ब्यासर सड़क का स्तरोन्यन कार्य प्रगति पर है। 19.70 करोड़ की लागत से रायसन शिरड़, शिलीहार सड़क का स्तरोन्यन कार्य जारी है। इससे पांच पंचायतों के लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि मनाली विधानसभा क्षेत्र के बामतट सड़क पर सात पुलों में से चार का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि तीन पुलों का निर्माण प्रगति पर है। इन पुलों के निर्माण पर कुल 12.13 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। सोलंग नाला गांव को सड़क से जोड़ा जा रहा है। मनाली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बराण के हर घर को जल सुविधा प्रदान करने के लिए जल जीवन मिशन के तहत 5.95 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा रही है। उन्होंने कहा कि 8 करोड़ की लागत से 17 मील पुल बनकर तैयार हो चुका है। इससे अनेक गांवों को सुविधा मिलेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *