ऊना। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने चिंतपूर्णी में भाजपा महिला मोर्चा कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा में महिलाओं की अहम भूमिका है, जिस प्रकार से महिलाओं ने कोविड-19 संकट काल में कार्य किया वह सराहनीय है, पूरे प्रदेश में महिला मोर्चा ने 53 लाख फेस कवर बनाकर वितरित किए और यह प्रयास पूरे देश में अपनाया गया। फेस कवर बनाने का पहला कदम महिला मोर्चा द्वारा हिमाचल प्रदेश इकाई ने उठाया था।
सुरेश कश्यप ने कहा कि महिला मोर्चा की भाजपा को सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका है और इसका प्रत्यक्ष वर्तमान में हुए पंचायती राज्य चुनावों में सामने निकल कर आया है। पंचायती राज चुनावों में 62 फीसदी से ज्यादा महिलाएं जीतकर आई भाजपा को राजनीतिक दल है, जिसने पंचायती राज चुनावों में 50 फीसदी आरक्षण लगाने का कार्य किया था आज महिलाएं इस आरक्षण रेखा से भी ऊपर निकल गई है जो कि अपने आप में एक नया इतिहास है। उन्होंने कहा कि आगामी चार नगर निगम चुनावों में भी महिला मोर्चा की अहम भूमिका रहने वाली है और 2022 के मिशन रिपीट में महिला मोर्चा का एक विशेष रोडमैप तैयार किया जाएगा।
कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार में भी महिलाएं की अहम भूमिका है। वित्त मंत्री के रूप में निर्मला सीतारमण जिस प्रकार कार्य कर रही है, वह सराहनीय है, हिमाचल प्रदेश में भी राज्यसभा की सदस्य इंदु गोस्वामी और उससे पूर्व में विमला कश्यप सूद रही थी। हिमाचल में भी सरवीण चौधरी एक मंत्री के रूप में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा हिमाचल प्रदेश की सरकार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में ऐतिहासिक कार्य कर रही है और गृहिणी सुविधा योजना के तहत हिमाचल प्रदेश ऐसा पहला राज्य बन गया है, जो धुआं मुक्त है, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा हर घर में चूल्हा उपलब्ध करवाकर धुआं मुक्त करवाना अपनेआप में एक बहुत बड़ी उपलब्धि है, जिसने पूरे देश में एक नया रिकॉर्ड सेट किया है।
