शिमला। हिमाचल प्रदेश के राज्यत्व दिवस के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह आज प्रदेश में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राज्य स्तरीय स्वर्ण जयंती समारोह शिमला के ऐतिहासिक रिज पर आयोजित किया गया, जबकि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी इस विशेष अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्यस्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय बतौर मुख्य अतिथि, जबकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केन्द्रीय वित्त एवं कार्पोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर विशेष रूप से इस समारोह में शामिल हुए।
राज्यपाल ने इसे मौके पर प्रदेशवासियों को पूर्ण राज्यत्व दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस छोटे पहाड़ी राज्य ने 50 वर्षों की यात्रा में उल्लेखनीय विकास किया है। समर्पित नेतृत्व, मजबूत इच्छाशक्ति और प्रदेश के लोगों की कड़ी मेहनत से विकास के कई आयाम स्थापित हुए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी, सामाजिक सुरक्षा और जनजातीय कल्याण को प्राथमिकता प्रदान कर हिमाचल प्रदेश सामाजिक-आर्थिक लक्ष्यों को हासिल कर देश का आदर्श राज्य बनकर उभरा है।बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देव भूमि और वीर भूमि के नाम से भी जाना जाता है। प्रथम परमवीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ शर्मा से लेकर कैप्टन विक्रम बत्रा जैसे जांबाजों ने अपनी वीरता और सर्वाेच्च बलिदान से राष्ट्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने प्रदेश सरकार की लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई विभिन्न योजनाओं के सफल कार्यान्वयन करने के लिए बधाई दी।
राज्यपाल ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी लोगों के सहयोग और सशक्त नेतृत्व से प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे। उन्होंने राज्य की समृद्धि और उन्नति के लिए लोगों से अधिक समर्पण की भावना से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोगों को मजबूत समाज और आत्मनिर्भर हिमाचल के निर्माण में सकारात्मक योगदान देना चाहिए।
???????????????????????????????????? 