Spread the love

शिमला। कांग्रेस विधायक व प्रदेश कांग्रेस महासचिव विक्रमादित्य सिंह ने आईजीएमसी अस्पताल प्रशासन पर आरोप लगाया है कि वह पिछले 6 वर्षों से अधिक समय से रोगियों विशेष तौर पर कैंसर पीड़ित व उनके परिजनों की निशुल्क सेवा में जुड़े सरबजीत सिंह (बॉबी) को राजनीतिक दबाव के चलते उन्हें इस सेवा से हटाने जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा से जुड़े बॉबी के साथ यह धोखा ही नहीं है, अपितु यह मानवता के प्रति भी अन्यायपूर्ण कदम है, जिसकी जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। 

विक्रमादित्य सिंह ने आईजीएमसी प्रशासन के निर्णय की आलोचना करते हुए कहा कि आज जब प्रदेश में भाजपा सरकार है तो उन्हें बॉबी को रैन बसेरा आवंटित करने के नियम दिखाए जा रहे हैं, जबकि वह पिछले 6 सालों से यहां रोगियों को भोजन के साथ-साथ रात को ठहरने की व्यवस्था व उन्हें एक जगह से दूसरी जगह लाने जाने में पूरी व्यवस्था निशुल्क करते आए हैं।उन्होंने कहा कि समाज सेवा के प्रति बॉबी के जज्बे का आईजीएमसी ने अपमान किया है, उन्हें उनसे माफी मांगते हुए उन्हें रैन बसेरा पुनः आवंटित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की राजनीति या अपनों को कोई लाभ देने जैसी बात आगे नही आनी चाहिए। उन्होंने कहा है कि सरकार को हर जगह कमाई का साधन ही नहीं देखना चाहिए। 

विक्रमादित्य सिंह ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से इस पूरे मामले की जांच करने की मांग करते हुए कहा कि सरबजीत सिंह को समाज सेवा के लिए उसी जगह को आवंटित किया जाए, जिससे रोगियों विशेष कर कैंसर पीड़ितों को किसी भी असुविधा से बचाया जा सके। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *