Spread the love

शिमला। जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत सिंह छाजटा ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि वह नगर निकाय चुनावों की हार से बौखला गई है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि भाजपा, कांग्रेस समर्थित जीते हुए वार्ड सदस्यों को अपने पक्ष में करने के लिए पूरा दबाव बना रही है। साथ ही कई तरह के प्रलोभनों के साथ-साथ उन्हें डराने का भी पूरा प्रयास किया जा रहा है।

कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आज पत्रकारों को संबोधित करते हुए छाजटा ने कहा कि शिमला जिला की कुल आठ नगर निकायों में कांग्रेस ने अपनी जीत का परचम लहराया है। जिले में शहरी निकायों में भाजपा का जीत का दावा झूठा है। उन्होंने कहा कि यहां भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया है।छाजटा ने शिमला जिला में कांग्रेस की जीत का पूरा ब्यौरा देते हुए बताया कि रामपुर नगर परिषद की कुल 9 सीटों में से कांग्रेस ने 7 सीटों पर जीत हासिल की है। वहां भाजपा को केवल 2 सीटें ही मिली। इसी तरह ठियोग नगर परिषद में कुल 7 में से कांग्रेस सीटों पर 4 जीती है और भाजपा को यहां करारी हार का सामना करना पड़ा है। उसे यहां एक भी सीट नही मिली। 2 सीटों निर्दलियों ने जीत हासिल की है। वहीं, नगर परिषद रोहड़ू में 7 सीटों में से 6 कांग्रेस को 1 भाजपा को मिली है। छाजटा ने कहा कि नगर पंचायत नारकंडा में 4 पर कांग्रेस, 1 पर भाजपा और 2 पर निर्दलियों ने जीत हासिल की है। सुन्नी नगर पंचायत में 5 सीटों पर कांग्रेस, 2 पर भाजपा ने जीत हासिल की। वहीं, चौपाल में 4 सीटों पर कांग्रेस, 3 पर भाजपा, कोटखाई में 3 पर कांग्रेस और 3 पर ही भाजपा और 1 पर निर्दलीय ने जीत हासिल की है। जुब्बल में कांग्रेस को 2 पर ही जीत हासिल हुई है। 

छाजटा ने कहा कि भाजपा का यहां जीत का दावा पूरी तरह झूठा और गुमराह करने वाला है। उन्होंने कहा कि जोड़-तोड़ की राजनीति में माहिर भाजपा निर्दलियों को अपना बताकर लोकतंत्र की मर्यादाओं को तोड़ने में जुट गई है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनावों से अब प्रदेश में भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के साथ-साथ जिला परिषद व बीडीसी चुनावों में कांग्रेस की जीत का परचम जारी रहेगा और 2022 के विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ जीत कर अपनी सरकार बनाएगी। 

छाजटा ने इस शानदार जीत का श्रेय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व को दिया। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से जिस मेहनत व सभी को साथ कुलदीप राठौर काम कर रहे हैं, उससे कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह जागा है। उन्होंने इस जीत के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए मतदाताओं का आभार व्यक्त भी किया। पत्रकार सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस सचिव सुशांत कपरेट, जिला कांग्रेस महासचिव रूपेश कंवल, राजेश वर्मा व रोहड़ू ब्लॉक अध्यक्ष करतार सिंह कुल्ला भी मौजूद थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *