शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने दावा किया है कि शिमला जिले में नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि शिमला जिला की 8 नगर निकायों में से 6 पर जीत दर्ज कर भाजपा को करारी हार दी है।
राठौर ने कहा कि शिमला जिले के ठियोग नगर परिषद में कांग्रेस ने चार सीटों पर जीत हासिल की है। कांग्रेस समर्थित अनिल ग्रोवर, विवेक थापर, रीना रॉय व नीतू मेहता ने जीत हासिल की है। यहां बीजेपी समर्थकों को 2 व आजाद ने एक सीट पर जीत हासिल की। नारकंडा में पांच कांग्रेस समर्थित, एक बीजीपी समर्थित व एक पर आजाद ने जीत हासिल की। वहीं, सुन्नी में पांच कांग्रेस समर्थित, 2 पर आजाद जीते। चौपाल में 4 कांग्रेस समर्थित और तीन पर आजाद ने जीत हासिल की है। वहीं, जिला कांग्रेस अध्यक्ष यशवंत छाजटा ने बताया कि कांग्रेस का जिला शिमला में शानदार प्रदर्शन रहा है।
अर्की में भी कांग्रेस समर्थित जीते- राठौर
राठौर ने कहा कि सोलन जिले के अर्की नगर पंचायत में कांग्रेस समर्थितों ने 5 सीटें जीतकर भाजपा को करारी हार दी है। यहां बीजेपी समर्थितों को दो ही सीटें मिली है। बता दें कि अर्की विधानसभा हलका पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह का निर्वाचन क्षेत्र है। राठौर ने कांग्रेस की इस शानदार जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए इसके लिए कार्यकर्ताओं व मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपनी विजयश्री शुरू कर दी है और जिला परिषद व बीडीसी पर भी जीत का परचम लहराएगी।
