Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है कि आंदोलनरत किसानों के साथ वार्ता के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई जा रही है। उन्होंने कहा है कि केंद्र सरकार एक सोची समझी रणनीति के तहत इस आंदोलन को लंबे समय तक खींचने का प्रयास कर रही है, जिससे किसान थक हारकर इस आंदोलन को खुद ही खत्म कर दे। उन्होंने कहा है कि यह आंदोलन तब तक खत्म नहीं होगा, जब तक यह तीनों कानून रद्द नहीं किए जाते। उन्होंने कहा कि देश का किसान एकजुट और अपनी मांगों को लेकर अड़िग है। 
राठौर ने मंगलवार को यहां प्रेस कांफ्रेस में कहा कि किसानों का आज यह आंदोलन 17वें दिन में प्रवेश कर गया है और सरकार इनके साथ वार्ता के नाम पर टाइम पास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा किसानों के इस आंदोलन को बदनाम करने की पूरी कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस आंदोलन में अपने अवांछित तत्वों को भेज कर उपद्रव फैलाने की कोशिश में है। कुलदीप राठौर ने कहा कि आज देश का लोकतंत्र खतरे में है, जहां लोगों की आवाज की कोई सुनवाई नहीं है। उन्होंने कहा कि जो अपनी आवाज उठाना चाहते है उन्हें देशद्रोही, राष्ट्र विरोधी का नाम दिया जाता है।उन्होंने कहा कि आज विपक्ष को भी दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज देश के किसानों के साथ जिस प्रकार जनमानस खड़ा हुआ है, वह हमारी एकता को दर्शाता है और यह आंदोलन एकता के साथ आगे बढ़ रहा है। 
राठौर ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार की आलोचना करते हुए कहा कि 1990 में जब वह प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, उस समय शिमला में बागवानों पर लाठियां भांजी थी और कोटगढ़ में गोलियां चलाई थी, जिसमें प्रदेश के पांच युवा बागवानों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा था। उन्होंने कहा कि आज भी उनका किसान विरोधी बयान बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा ही किसान, बागवान व गरीब विरोधी रही है और इनकी पूंजीपतियों की विचारधारा रही है। राठौर ने प्रदेश के किसानों, बागवानों को एकजुट होने का आह्वान करते हुए किसान आंदोलन को अपना पूरा समर्थन देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कृषि के नए कानून पूरी तरह देश विरोधी है और इनका पूरी तरह विरोध किया जाना चाहिए। 
कुलदीप राठौर ने प्रदेश में आगामी पंचायत चुनावों को जारी रोस्टर को पूरी तरह से पंचायतीराज एक्ट व गाइडलाइंस के विपरीत बताते हुए कहा कि भाजपा ने इसे अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार जारी किया है। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर अधिकारियों व कर्मचारियों की मिलीभगत से फर्जी वोटर्स बनाए जा रहे हैं। उन्होंने चेतवानी देते हुए कहा कि कांग्रेस ऐसे सभी अधिकारियों व कर्मचारियों पर अपनी पूरी नजर रखे हुए हैं। उन्हें अपनी कोई भी रेखा नही लांघनी चाहिए व उन्हें पूरी जिम्मेदारी से ईमानदारी से अपने कार्यों को पूरा करना चाहिए।  

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *