शिमला। हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस से 14 और मरीजों की मौत हो गई है। मंडी जिले में चार, कांगड़ा जिले में तीन, हमीरपुर, शिमला और चंबा जिलों में 2-2 और सोलन में एक मरीज की इस वायरस के कारण मौत हो गई। मंडी जिले में नेरचौक मेडिकल कॉलेज में चार कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हुई है। वहां, 75 वर्षीय वृद्ध, मंडी सदर के 70 वर्षीय बुजुर्ग, बल्ह के 52 वर्षीय व्यक्ति और बिलासपुर जिले के 71 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई है। वहीं, टांडा मेडिकल कॉलेज में चंबा की सुरादा निवासी 67 वर्षीय संक्रमित बुजुर्ग महिला, पालमपुर क्षेत्र के 80 वर्षीय बुजुर्ग और ज्वालामुखी कांगड़ा के 87 वर्षीय बुजुर्ग की इस संक्रमण के कारण मौत हो गई है। हमीरपुर जिले में कोरोना संक्रमित 66 वर्षीय और 93 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हुई है। वहीं, चंबा जिले के नरवाड़ी समोट में 49 वर्षीय संक्रमित व्यक्ति की भी मौत हो गई। इस बीच, शिमला जिले में 52 वर्षीय व्यक्ति और 58 वर्षीय महिला की कोरोना वायरस के मौत हुई है, जबकि सोलन जिले में 39 वर्षीय व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया। इस प्रकार प्रदेश में कोरोना वायरस से अब तक 743 मरीजों की मौत हो चुकी है।
