रिकांगपिओ। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने शुक्रवार को आईटीडीपी के सम्मेलन कक्ष में खंड स्तरीय शिकायत निवारण समिति कल्पा की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में गैर सरकारी सदस्यों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने सांगला तहसील की ग्राम पंचायत किल्बा में मल निकासी परियोजना के कार्य को शीघ्र पूरा करने पर बल दिया तथा किल्बा में जल निकासी दुरुस्त न होने पर जल शक्ति विभाग को कार्रवाई करने की मांग की।
इसके अतिरिक्त, ग्राम पंचायत बटसेरी में वाइब्रेंट विलेज के तहत सीवरेज लाइन की डीपीआर शीघ्र तैयार करने का आग्रह किया तथा पंचायत में सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने की मांग की। जगत सिंह नेगी ने संबंधित अधिकारियों को ग्राम पंचायत चांसू में एम्बुलेंस रोड, पेयजल की समस्या से निजात तथा सम्पर्क सड़क को शीघ्र दुरूस्त करने के दिशा-निर्देश दिए ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
जनजातीय विकास मंत्री ने शौंग पंचायत में नियमित हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सेवा को सुचारू रूप से चलाने का आश्वासन दिया तथा सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के अधिकारियों को निर्देश दिए ताकि स्थानीय लोगों को घर-द्वार पर सुविधा उपलब्ध हो सके।
परियोजना अधिकारी आईटीडीपी घनश्याम कुमार ने बैठक का संचालन किया तथा विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी कैबिनेट मंत्री को दी।
इस अवसर पर उप मण्डलाधिकारी कल्पा प्रवीण भारद्वाज, उप-पुलिस अधीक्षक उमेश्वर राणा, निदेशक उच्चतर शिक्षा कुलदीप सिंह डोगरा सहित गैर सरकारी सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
