Spread the love

खिलाड़ियों की “डाइट मनी” को 120 रुपए से बढ़ाकर 220 रुपए की

शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को जुब्बल में खेलों के क्षेत्र में एक मील का पत्थर स्थापित करते हुए ठाकुर रामलाल गर्ल्स स्कूल ऑफ़ स्पोर्ट्स का उद्धघाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने इस खेल संस्थान के लिए अतिरिक्त भवन के निर्माण कार्य की आधारशिला भी रखी। इसके निर्माण में 2 करोड़ 78 लाख रुपए व्यय होंगे। 

शिक्षा मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि यह खेल संस्थान जुब्बल में खेलों को प्रोत्साहित करने और युवाओं को नए अवसर प्रदान करने में बड़ी भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि यह स्कूल ऑफ़ स्पोर्ट्स प्रदेश का पहला ऐसा खेल संस्थान है जहां पर छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं प्रदान की जा रही है है और 8 अलग-अलग खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। गौरतलब है कि यह संस्थान पूर्व में ठाकुर रामलाल कन्या खेल छात्रवास के रूप में जाना जाता था। 

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल अधोसंरचना को मज़बूत बनाने तथा युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होने बताया कि वर्तमान सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने की दृष्टि से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं, जिसमें खिलाड़ियों की “डाइट मनी” को 120 रुपए से बढ़ाकर 220 रुपए करने के अलावा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सरकार द्वारा सम्मानित किया जाना शामिल है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि ठाकुर रामलाल राजकीय बालिका खेल विद्यालय जुब्बल में वॉलीबॉल सहित 07 अन्य खेलों को भी शामिल किया गया है। खेल छात्रावास में बेहतरीन प्रबंधन और कार्यक्षमता को अधिक प्रभावी बनाने हेतु खेल विद्यालय के लिए 32 नए पदों की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही छात्राओं की सुविधा के लिए 20 लाख रुपए के उपकरण उपलब्ध करवाये गए हैं और आने वाले समय में शीघ्र अतिरिक्त 72 लाख रुपए अन्य उपकरणों के लिए जारी किए जाएंगे। 

उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में कुल 11 खेल संस्थान हैं, जिनमें जुब्बल का कन्या खेल विद्यालय सबसे बड़ा खेल संस्थान है और अब इसे प्रदेश के पहले स्कूल ऑफ़ स्पोर्ट्स के रूप में जाना जायेगा। इससे पूर्व में भी यहाँ की बेटियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है और इस वर्ष चीन में आयोजित होने वाली वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल चेम्पियनशिप 2026 के लिए भारतीय गर्ल्स वॉलीबॉल टीम में इस छात्रावास की 6 छात्राओं का चयन हुआ है जोकि क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। रोहित ठाकुर ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान करने के दृष्टिगत ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक विजेताओं के लिए पुरस्कार राशि में अप्रत्याशित बढ़ोतरी की है।

कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति मिलना और शैक्षणिक सत्र का शुरू होना एक बहुत बड़ी उपलब्धि 

शिक्षा के क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति मिलना और शैक्षणिक सत्र का शुरू होना एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस संस्थान के शुरू होने से सरकार के गुणवत्तायुक्त शिक्षा उपलब्ध करवाने के अभियान को बल मिलेगा। साथ ही आने वाले समय में इस संस्थान के खुलने के सुखद परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि इसके भवन निर्माण हेतु 20 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है और शीघ्र ही इसका निर्माण कार्य आरम्भ कर दिया जायेगा। इसके अतिरिक्त लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय सरस्वती नगर में 4 वर्ष का एकीकृत बीपीईडी कोर्स शुरू किया गया है, जिससे स्थानीय छात्रों को शारीरिक शिक्षा प्राप्त करने के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इसके अतिरिक्त जुब्बल के डकैढ़ गाँव में लगभग 20 करोड़ रुपए की लागत से शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान बनने जा रहा है जो इस क्षेत्र का एक बड़ा और महत्वपूर्ण संस्थान होगा।

लोगों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया शिक्षा मंत्री का जन्मदिन 

शिक्षा मंत्री के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य पर उपस्थित लोगों, पार्टी कार्यकर्ताओं और छात्राओं ने केक काटकर शिक्षा मंत्री को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और उनके स्वस्थ जीवन की कामना की।

कार्यक्रम में जुब्बल-कोटखाई मंडल अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, बढ़ाल वार्ड से जिला परिषद सदस्य मीनाक्षी मांजटा, सरस्वती वार्ड से जिला परिषद सदस्य नेहा मेहता, पंचायत समिति अध्यक्षा कमलेश झगटा, उपाध्यक्ष लोकपाल शरखोली, नगर पंचायत जुब्बल की अध्यक्षा अनिता चौहान, उपाध्यक्ष राजेश तेजटा, पार्षदगण, निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली, अतिरिक्त निदेशक शिक्षा योगेश चौहान, उपनिदेशक शिक्षा लेखराज भारद्वाज, उपनिदेशक शिक्षा निशा भलूनी, खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी हेमलता जोधटा, उपमंडलाधिकारी जुब्बल गुरमीत नेगी, विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रेम पाल दुल्टा व नरेन्द्र चौहान, स्पोर्ट्स हॉस्टल जुब्बल के प्रभारी बलवंत झौटा, खेल एवं क्रीड़ा संघ के अध्यक्ष संतोष चौहान, डिप्टी डायरेक्टर अजय पांटा, पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *