शिमला। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा नशा मुक्त भारत सप्ताह के अंतर्गत साइक्लिंग एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश एवं हस्तपा (HASTPA) के सहयोग से ऐतिहासिक रिज, शिमला पर आयोजित हेरिटेज साइक्लिंग राइड में बड़ी संख्या में युवाओं, स्कूली एवं महाविद्यालयी विद्यार्थियों, साइक्लिंग प्रेमियों तथा नागरिकों ने भाग लेकर नशा मुक्त हिमाचल का सशक्त संदेश दिया।
इस अवसर पर आयोजित राइड को हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतिभागियों ने शिमला की ऐतिहासिक धरोहरों के मध्य साइकिल चलाते हुए नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा युवाओं को खेलों एवं आउटडोर गतिविधियों से जोड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर साइक्लिंग एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के मानद सचिव मोहित सूद ने कहा, “साइक्लिंग केवल एक खेल नहीं, बल्कि एक स्वस्थ जीवन जीने का माध्यम है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से हम शिमला में साइक्लिंग की संस्कृति विकसित करने और युवाओं को अपनी ऊर्जा नशे की ओर नहीं, बल्कि खेलों, फिटनेस और प्रकृति से जुड़ी गतिविधियों की ओर प्रेरित करने का प्रयास कर रहे हैं। जो युवा साइकिल को अपनाता है, वह एक स्वस्थ, जागरूक और सशक्त हिमाचल के निर्माण में अपना योगदान देता है।”
उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जन-जागरूकता अभियान युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी हेरिटेज साइक्लिंग राइड, विद्यालय एवं महाविद्यालय जागरूकता कार्यक्रम, फिटनेस अभियान तथा सतत परिवहन को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि हिमाचल में साइक्लिंग की संस्कृति विकसित हो और अधिक से अधिक युवा स्वस्थ एवं नशा मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित हों।
