Spread the love

विंग कमांडर कुणाल शर्मा ने किया शिविर का शुभारंभ 

हमीरपुर। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की एयर विंग का दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी-223) यहां राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) में आरंभ हो गया। 1एचपी एयर स्क्वॉड्रन एनसीसी कुल्लू द्वारा 14 जुलाई तक आयोजित किए जा रहे इस शिविर में इसमें प्रदेशभर के शिक्षण संस्थानों के लगभग 550 कैडेट्स और एनसीसी अफसर भाग ले रहे हैं।

 शिविर का उद्घाटन 1एचपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, कुल्लू के कमांडिंग ऑफिसर एवं कैंप कमांडेंट विंग कमांडर कुणाल शर्मा ने किया। प्रतिभागी कैडेटों ने शानदार गार्ड ऑफ ऑनर के साथ विंग कमांडर कुणाल शर्मा का अभिवादन किया। 

 इस अवसर पर विंग कमांडर कुणाल शर्मा ने कहा कि वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, टीम भावना, राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्रभक्ति जैसे मूल्यों का विकास करना है। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से कैडेटों को सैन्य जीवनशैली, भारतीय वायु सेना की कार्यप्रणाली तथा एनसीसी के आदर्शों से व्यावहारिक रूप से परिचित करवाया जाएगा।

 उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान कैडेटों को ड्रिल, एयरो मॉडलिंग, शस्त्र प्रशिक्षण, अग्निशमन, आपदा प्रबंधन, मैप रीडिंग, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व प्रशिक्षण, विशेषज्ञ एवं सामान्य विषयों पर व्याख्यान सहित अनेक व्यावहारिक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त समूह गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा साहसिक प्रशिक्षण भी शिविर का अभिन्न हिस्सा होंगे।

 सीनियर डिवीजन एवं सीनियर विंग के अंतर्गत डिग्री कालेज कुल्लू, डिग्री कालेज मंडी, एनआईटी हमीरपुर तथा आईआईटी मंडी के कैडेट प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। जूनियर डिवीजन एवं जूनियर विंग के अंतर्गत ब्वायज सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुल्लू, जीएसएसएस जरी, पनारसा, सैंज और पंडोह, जवाहर नवोदय विद्यालय बंदरोल, एलएमएस कलैहली, गर्ल्स स्कूल सुल्तानपुर, डीपीएस मनाली, केंद्रीय विद्यालय एनएचपीसी सैंज, डीएवी स्कूल मंडी, डीएवी मौहल, डीएवी मनाली, डीएवी लक्कड़ बाजार शिमला, सीआईएस कुल्लू और केंद्रीय विद्यालय रामशिला के कैडेट भाग ले रहे हैं।

 शिविर के सफल संचालन के लिए 10 एसोसिएट एनसीसी अधिकारी (एएनओ) नियुक्त किए गए हैं, जिनमें फ्लाइंग ऑफिसर निश्छल शर्मा, फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन, फर्स्ट ऑफिसर राम लाल, सेकंड ऑफिसर चंद्रशेखर, कर्म चंद, गौरव, विनय, हरदेव देश्टा, सुमन तथा उदय सिंह कंवर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कैडेटों के प्रशासन, अनुशासन एवं कल्याण संबंधी व्यवस्थाओं के लिए सीटीओ नागेंद्र, रमेश, संजीव और अजय अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

 परमानेंट इंस्ट्रक्टर स्टाफ में जूनियर वारंट ऑफिसर किरण कुमार, जूनियर वारंट ऑफिसर देवीलाल चौधरी सहित भारतीय वायु सेना के सार्जेंट एवं कोरपोरल अपनी विशेषज्ञ सेवाएं दे रहे हैं। वहीं, कैंप सीनियर कैडेट अभिषेक भी शिविर संचालन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

 विंग कमांडर कुणाल शर्मा ने कहा कि ‘एकता और अनुशासन’ के एनसीसी आदर्श वाक्य को साकार करता यह वार्षिक प्रशिक्षण शिविर युवाओं के सर्वांगीण विकास, चरित्र निर्माण तथा राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नेतृत्व तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी पहल सिद्ध होगा।

एनसीसी कैडेटों को अब कुल्लू में मिलेंगी फ्लाइंग की सुविधा 

विंग कमांडर कुणाल शर्मा ने बताया कि एनसीसी की एयर विंग में सबसे महत्वपूर्ण गतिविधि ‘फ्लाइंग’ यानि जहाज उड़ान होती है। हिमाचल प्रदेश में यह सुविधा उपलब्ध नहीं थी और यहां के कैडेटों को फ्लाइंग के लिए पटियाला जाना पड़ता था। लेकिन, अब फ्लाइंग की सुविधा अब कुल्लू में जल्द ही शुरू हो जाएगी। कुल्लू में हैंगर का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है और जल्दी ही पटियाला से दो जहाज कुल्लू पहुंच जाएंगे। हिमाचल प्रदेश के कैडेटों के लिए यह एक बहुत बड़ी सौगात होगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *