शिमला। प्रदेश भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की अध्यक्ष रश्मिधर सूद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को महिला मोर्चा पर आरोप लगाने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरे कोरोना वायरस के संकटकाल में कांग्रेस अपने घर पर छुपकर बैठी रही और जनता के बीच कोई कार्य नहीं किया। तब कांग्रेस पार्टी के नेताओं को जनता व व्यक्ति की चिंता नहीं थी। उन्होंने कहा कि उस समय भारतीय जनता पार्टी एवं भाजपा महिला मोर्चा ने घर-घर जाकर लोगों की सेवा की सड़क पर उतरकर फेस कवर बांटे, जो कि महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने स्वयं अपनेआप बनाए थे और फेस कवर को जनता तक पहुंचाया था।
सूद ने कहा कि प्रदेशभर में लाखों की संख्या में फेस कवर बनाए गए और जनता तक पहुंचाएं गए। यह कोई छोटा कार्य नहीं था। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से करोना संकटकाल में महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कार्य किया और जनता को जागरूक करने का कार्य भी किया और आज भी अपने कार्य में कार्यरत है इसके लिए मुझे उन सब पर फक्र है। उन्होंने कहा कि गायत्री जाप एवं यज्ञ कोविड-19 के चलते एक सकारात्मक वायुमंडल बनाने का प्रयास था। यज्ञ के समय सैनिटाइजर का उचित प्रयोग किया गया था। उचित दूरी का पूरा ध्यान रखा गया था और सभी नियमों का पालन भी किया गया था।
महिला मोर्चा अध्यक्ष ने पूछा कि कांग्रेस पार्टी बताए कि उन्होंने संकट के समय क्या किया। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के घर पर लंच डिप्लोमेसी की, जिसमें सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान तक नहीं रखा गया था। जब कांग्रेस के नेताओं ने धरना प्रदर्शन किया तो नेशनल हाईवे को रोका गया, जिसके कारण उन पर एफआईआर हुई। उसमें भी सामाजिक दूरी के सभी नियमों का उलंघन किया गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को जनता तक पहुंचने का प्रयास करना चाहिए। जनता का दुख दर्द समझना चाहिए। आज कांग्रेस केवल बयानबाजी कर लोकप्रियता हासिल करना चाहती है और कोरोना पर केवल राजनीति कर रही है।
