सुक्खू सरकार की नाकामी से हिमाचल का विकास प्रभावित : नड्डा
कहा – केंद्र से हजारों करोड़ मिलने के बावजूद हिमाचल में विकास ठप
बोले – कुशासन, कुप्रबंधन और कुनीति का पर्याय बनी कांग्रेस सरकार स्वास्थ्य और उद्योग परियोजनाओं में देरी पर मांगा हिसाब
कुल्लू। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश का विकास प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार कुशासन, कुप्रबंधन, कुनीति और कुव्यवस्था का पर्याय बन चुकी है। केंद्र सरकार से विकास कार्यों के लिए हजारों करोड़ रुपये मिलने के बावजूद राज्य सरकार इनका समय पर उपयोग नहीं कर पा रही है। मुख्यमंत्री को केंद्र पर आरोप लगाने के बजाय अपनी सरकार की कार्यप्रणाली का हिसाब देना चाहिए।
कुल्लू के पतलीकूहल के मेला मैदान में आयोजित जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश को सड़क, रेल, स्वास्थ्य, उद्योग और ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहायता उपलब्ध करवा रही है। इसके बावजूद परियोजनाओं का समय पर पूरा नहीं होना राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद कई शिक्षण और स्वास्थ्य संस्थान बंद किए तथा पूर्व सरकार के समय शुरू हुए विकास कार्यों को भी प्रभावित किया।

स्वास्थ्य परियोजनाओं की धीमी रफ्तार पर सवाल
नड्डा ने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत हिमाचल को स्वीकृत लगभग 360 करोड़ रुपये का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में 15 क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाए जाने थे, लेकिन उनके अनुसार अब तक केवल एक का निर्माण पूरा हुआ है। इसी तरह 12 इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब में से केवल एक के पूरा होने और 73 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट में से किसी के भी संचालित नहीं होने का दावा किया।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने के लिए केवल बजट स्वीकृत करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अस्पतालों, प्रयोगशालाओं और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं को समय पर शुरू करना भी जरूरी है।
बल्क ड्रग पार्क के लिए जारी राशि के खर्च पर घेरा
केंद्रीय मंत्री ने ऊना में प्रस्तावित बल्क ड्रग पार्क का मुद्दा उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने परियोजना के लिए एक हजार करोड़ रुपये की सहायता का प्रावधान किया है। उन्होंने दावा किया कि 225 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी होने के बावजूद राज्य सरकार लगभग 12 करोड़ रुपये ही खर्च कर पाई है। पर्यावरणीय मंजूरी और अन्य प्रक्रियाओं में देरी के कारण परियोजना अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ सकी।
जेपी नड्डा ने कहा कि बल्क ड्रग पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क जैसी परियोजनाएं प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकती हैं। ऐसे में राज्य सरकार को इनके क्रियान्वयन में तेजी लानी चाहिए। उन्होंने 15वें वित्त आयोग के तहत स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए उपलब्ध 521 करोड़ रुपये में से लगभग 52 प्रतिशत राशि ही खर्च होने का दावा करते हुए सरकार से जवाब मांगा।
स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की जीत का दावा
नड्डा ने हालिया स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत को कांग्रेस सरकार के प्रति जनता के असंतोष का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि धर्मशाला नगर निगम में 17 में से 11, मंडी में 14 में से 12 और कुल 63 वार्डों में से 37 पर भाजपा की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि जिला परिषद चुनावों में 251 में से 190 सीटों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत संगठन के लिए उत्साहजनक है। उन्होंने कुल्लू, मनाली और लाहौल-स्पीति सहित विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी समर्थित प्रतिनिधियों की सफलता पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी। साथ ही उन्हें आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने का संदेश दिया।
केंद्र की परियोजनाएं गिनाईं, कांग्रेस से मांगा जवाब
नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार ने एम्स बिलासपुर के निर्माण पर 1,400 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए हैं। उन्होंने चमियाना सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता और जायका समर्थित स्वास्थ्य परियोजना के लिए लगभग 1,422 करोड़ रुपये की व्यवस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कुल्लू-मनाली सड़क सुधार के लिए लगभग 468 करोड़ रुपये तथा भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेल परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार को भूमि अधिग्रहण और अन्य प्रक्रियाओं में तेजी लानी चाहिए। किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना को भी उन्होंने प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण बताया। नड्डा ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार गरीबों, किसानों और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए काम कर रही है।
सुक्खू सरकार को विकास कार्यों पर जवाब देना चाहिए
जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार को प्रदेश की जनता के सामने यह स्पष्ट करना चाहिए कि केंद्र से प्राप्त धनराशि का कितना उपयोग हुआ, कितनी परियोजनाएं पूरी हुईं और कितनी योजनाएं अब भी लंबित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार अपनी प्रशासनिक कमजोरियों और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में देरी की जिम्मेदारी लेने के बजाय केंद्र सरकार पर आरोप लगाती है।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक सुरेंद्र शौरी, विधायक लोकेंद्र कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष अमित सूद, कुल्लू से भाजपा प्रत्याशी रहे नरोत्तम ठाकुर, प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा, पायल वैद्य, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंता शर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष ठाकुर दास, जोगेंद्र मेहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
