Spread the love

अब एक ही स्थान पर होगी ड्राइविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग की सुविधा – अग्निहोत्री 

रामपुर पुल से हरोली जल भवन तक विकसित हो रहा न्यू हरोली, कई बड़े प्रोजेक्ट होंगे तैयार: मुकेश अग्निहोत्री 

ऊना। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र के रोड़ा में 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) का शिलान्यास किया। इस स्टेशन का निर्माण नौ महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके शुरू होने से वाहनों की फिटनेस जांच और पासिंग आधुनिक मशीनों के माध्यम से होगी।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि एटीएस में भारी वाहनों, हल्के वाहनों, तीनपहिया और दोपहिया वाहनों की फिटनेस जांच के लिए तीन टेस्टिंग लेन बनाई जाएंगी। इस स्थान पर ट्रैफिक पार्क पहले ही बनाया जा चुका है, जहां ड्राइविंग लाइसेंस के लिए ड्राइविंग टेस्ट की सुविधा उपलब्ध है।  एटीएस शुरू होने के बाद  एक ही स्थान पर ड्राइविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग, दोनों की सुविधा मिलेगी। 

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रामपुर पुल से हरोली जल भवन तक के क्षेत्र को न्यू हरोली के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां 22 करोड़ रुपये की लागत से हेलीपोर्ट और 10 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक ट्रैक बनाया जा रहा है। इसी क्षेत्र में 3.50 करोड़ रुपये की लागत से सैनिक भवन का निर्माण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय, जिला न्यायालय, उद्योग कार्यालय, इनडोर स्टेडियम और मेला ग्राउंड बनाने की भी योजना है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से यह क्षेत्र विकास और आधुनिक सुविधाओं के नए केंद्र के रूप में उभरेगा। ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन के निर्माण में लोक निर्माण विभाग द्वारा भवन, टेस्टिंग लेन, निरीक्षण क्षेत्र, कार्यालय, प्रतीक्षालय, पार्किंग और अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वहीं, एचआरटीसी द्वारा स्टेशन के संचालन के लिए आवश्यक मशीनरी, तकनीकी उपकरण, नियंत्रण प्रणाली, सॉफ्टवेयर, सीसीटीवी और संबंधित तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणजीत राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरोली के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, जिला परिषद सदस्य केवल सिंह औजला, एसटीए सदस्य अशोक ठाकुर, प्रधान सुभद्रा चौधरी और विनोद कुमार बिट्टू, पूर्व प्रधान रोड़ा पंचायत शारदा,एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, डीएसपी हरोली मोहन रावत, एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक तकनीकी पवन शर्मा, डीएम हमीरपुर राज कुमार, एक्सईएन बीएसएम एंड डीए कमल शर्मा, आरएम ऊना राजेश जोशी, लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन नितिन कुमार, जल शक्ति विभाग के पुनीत कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *