शिमला। हिमाचल प्रदेश में कोरोना पाजिटिव मामलों की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को भी हिमाचल में कोरोना संक्रमण के 40 नए मामले आए हैं। सोलन जिले में 16, ऊना और कांगड़ा में सात-सात, सिरमौर में पांच, शिमला में 2 और हमीरपुर, मंडी व कुल्लू जिले में एक-एक मामला कोरोना पाजिटिव आया है। प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 1457 पहुंच गया है। इनमें से 401 सक्रिय मामले हैं। अब तक 1030 कोरोना मरीज स्वस्थ हो गए हैं।
सोलन जिले में शनिवार को एक साथ 16 नए कोरोना मामले सामने आए हैं। इनमें से 12 मामले बीबीएन के संक्रमित पाए गए हैं, जबकि चार मामले कुनिहार के हैं। ईएसआई काठा की कोलकाता से आई चिकित्सक भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। 16 मामलों में बाहर से आए होम क्वारंटीन किए गए चार यात्री संक्रमित पाए गए है। ये सभी कुनिहार में क्वारंटीन किए गए थे। वहीं, सारा टेक्सटाइल का एक कामगार पॉजिटिव आया है। जबकि रैंडम सैंपलिंग में 57 साल का किशनपुरा निवासी व 24 साल का न्यू नालागढ़ निवासी युवक संक्रमित पाया गया है। एसएसएफ प्लास्टिक उद्योग से 37 साल का कामगार, जबकि नालागढ़ शहर के वार्ड-8 के संक्रमित के संपर्क में आने से दो लोग संक्रमित हुए हैं। बीबीएन के मानपुरा रूहानी केंद्र में संस्थागत क्वारंटीन किए गए पांच लोग पॉजिटिव आए हैं।
