Spread the love

भाजपा पर लीपापोती का आरोप, कहा – करोड़ों राम भक्तों की आस्था से जुड़ा है मामला 

शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि वह अयोध्या के राम मंदिर दान चोरी के मामले जांच में लीपापोती कर रही है। उन्होंने कहा कि एसआईटी जांच में किसी एक व्यक्ति को मोहरा बना कर इस लूट में शामिल बड़े लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। 

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शुक्रवार को एक पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए राठौर ने साफ किया कि यह मामला किसी भी राजनीतिक दल का नहीं है। यह देश के करोड़ों लोगों की आस्था की लूट का मामला है और इसकी पूरी जांच उच्चतम न्यायालय के किसी भी न्यायाधीश से करवाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राम मंदिर निर्माण से लेकर इसके राजनीतिक लाभ के लिये इसके लोकार्पण तक लोगों की धार्मिक भावना से खिलवाड़ किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जल्दबाजी में इसकी आधारशिला रखी। देश में चुनावों का लाभ लेने के लिये इसे आनन-फानन में देश को समर्पित किया।

राठौर ने कहा कि अति सुरक्षा वाले क्षेत्र जहां भारी सुरक्षा, परिंदा भी पर नहीं मार सकता।‌ ऐसे में इस राम मंदिर से हजारों करोड़ रुपए की चोरी कैसे हो गई, यह अपने आप मे बहुत बड़ा प्रश्न है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा इस पूरी लूट को लेकर खामोश बैठी है। उन्होंने कहा कि मंदिर ट्रस्ट के मुखिया चंपत राय पर आज दिन तक कोई भी पुलिस कार्यवाही नही हुई। 

कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि अगर किसी अन्य राजनैतिक दल की सरकार के समय ऐसा कुछ होता तो भाजपा देश मे हाहाकार मचा देती। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस शासनकाल में उनके नेताओं के खिलाफ झूठे व आधारहीन मामले बना कर बदनाम करने की असफल कोशिश की थी, जबकि न्यायालय से उनके नेता बा-इज्जत बरी हुए थे। उन्होंने कहा कि आज देश की जांच एजेंसियों को भाजपा ने विपक्षी नेताओं को डराने व उन पर झूठे मुकदमे दर्ज करवाने का ही कार्य सौंपा हुआ है। इसलिए इसकी निष्पक्ष जांच के लिए उच्चतम न्यायालय के किसी भी न्यायाधीश से ही करवाई जानी चाहिए।

राठौर ने कहा कि भगवान श्रीराम सबकुछ देख रहे हैं। भाजपा भगवान श्रीराम के प्रकोप से अब बचने वाली नहीं, क्योंकि उसने मंदिर दान की चोरी का महापाप किया है। पूरे विश्व के हजारों करोड़ों राम भक्तों की आस्था पर डाका डाला है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *