Spread the love

जुब्बल। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा है कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में पंचायत एवं नगर निकाय चुनावों में मिली प्रचंड जीत गत साढ़े तीन वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी नीतियों और जनता के अपार विश्वास का परिणाम है। वे पार्टी कार्यालय जुब्बल में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग, जुब्बल-नावर-कोटखाई की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

रोहित ठाकुर ने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई में पंचायत एवं नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस को मिली ऐतिहासिक जीत इस बात का स्पष्ट संकेत है कि क्षेत्र की जनता ने विकास, पारदर्शिता और जनसेवा की राजनीति पर अपनी मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा जनहित से जुड़े अनेक कार्यों को गति दी गई, जिसका सकारात्मक परिणाम अब चुनावों में स्पष्ट रूप से देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत जुब्बल में 15 वर्षों के बाद कांग्रेस समर्थित चेयरमैन और वाइस चेयरमैन का निर्वाचित होना अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

रोहित ठाकुर ने कहा कि विकास खंड जुब्बल की पंचायत समिति की सभी 15 सीटों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत एक बड़ा जनादेश है। वहीं, वर्ष 2021 में गठित विकास खंड कोटखाई में भी पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों का निर्वाचित होना क्षेत्र की राजनीतिक दिशा में सकारात्मक परिवर्तन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में लगभग 80 प्रतिशत प्रधान और उपप्रधान पदों पर कांग्रेस विचारधारा से जुड़े प्रतिनिधियों का निर्वाचित होना इस बात का प्रमाण है कि जनता का भरोसा कांग्रेस की नीतियों, नेतृत्व और कार्यशैली पर निरंतर मजबूत हुआ है। इसके अतिरिक्त, जुब्बल-कोटखाई की तीनों जिला परिषद सीटों पर कांग्रेस की विजय ने इस जनसमर्थन को और अधिक स्पष्ट किया है।

रोहित ठाकुर ने कहा कि वे पिछले 25 वर्षों से सक्रिय राजनीति में हैं, लेकिन पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में इतनी व्यापक, एकतरफा और ऐतिहासिक जीत उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। उन्होंने इस अभूतपूर्व सफलता का श्रेय कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, संगठन की एकजुटता तथा क्षेत्र की जागरूक, समझदार और प्रबुद्ध जनता के विश्वास और आशीर्वाद को दिया।

कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग जुब्बल-नावर-कोटखाई के अध्यक्ष मुन्नी लाल नरसेठ ने कहा कि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के नेतृत्व में जुब्बल-नावर-कोटखाई ने विकास के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। इस दौरान नव-निर्वाचित प्रधान, उपप्रधान, बीडीसी सदस्य और पदाधिकारियों ने भी अपने विचार साझा किए।

इस अवसर पर पंचायत समिति रोहड़ू की अध्यक्ष ज्ञानपति रमसेठ, डॉ. अनंत राम, ग्राम पंचायत झड़ग की प्रधान अनिता पांजटा, ग्राम पंचायत अन्टी के प्रधान मोही राम, ग्राम पंचायत हिमरी की प्रधान निर्मल लता, ग्राम पंचायत शरौंथा के प्रधान जगदीप रमसेठ, उपप्रधान सुरेश पोशेटा, हीरा नाथ, बीडीसी सदस्य सुनील मोख्टा (नगान), आशा देवी (झड़ग-नकराड़ी), महीप कुमार (गिलटाड़ी), उदय दुल्टा (बरथाटा), पंचायत वार्ड सदस्य, पूर्व प्रधान, पूर्व उपप्रधान, पूर्व बीडीसी सदस्य, कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के वरिष्ठ कार्यकर्ता, संगठन के पदाधिकारी एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *