Spread the love

कहा – महिला कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी को भेजेंगी 10 लाख पोस्टकार्ड, 543 सीटों के आधार पर 33 फीसदी आरक्षण लागू करने की मांग 

शिमला। महिला आरक्षण बिल को लेकर हिमाचल महिला कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष जैनब चंदेल ने आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर देश की महिलाओं को गुमराह कर रही है। इसके विरोध में महिला कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 10 लाख पोस्ट कार्ड भेजकर 543 लोकसभा सीटों के आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग करेगी।

हिमाचल महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने शनिवार को यहां पत्रकार वार्ता में कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने महिला आरक्षण बिल पास तो कर दिया, लेकिन उसे जनगणना और परिसीमन से जोड़कर लटका दिया। उन्होंने इसे महिलाओं के साथ धोखा करार दिया। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र की भाजपा सरकार की मंशा महिला हितैषी है तो मौजूदा 543 लोकसभा सीटों के आधार पर ही महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण तुरंत दिया जाए। 

जैनब चंदेल ने आरोप लगाया कि जनगणना और परिसीमन के नाम पर इस कानून को‌ वर्ष 2029 या उसके बाद तक टाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र सरकार की नीयत साफ है तो इसी लोकसभा चुनाव से महिलाओं को आरक्षण मिलना चाहिए। 

जैनब चंदेल ने भाजपा की नीयत पर सीधा सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन जब महिलाओं को हक देने की बारी आई तो कानून को ठंडे बस्ते में डाल दिया। ऐसे में यह भाजपा का सिर्फ चुनावी जुमला था। उन्होंने कहा कि भाजपा नहीं चाहती कि संसद और विधानसभा में महिलाओं की संख्या बढ़े।

जैनब चंदेल ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया है। पंचायती राज में 33 फीसदी आरक्षण कांग्रेस ने महिलाओं को दिया, जो अब 50 फीसदी कर दिया गया है। उन्होंने बीते दिनों शिमला में भाजपा महिला मोर्चा की जन आक्रोश पदयात्रा के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल पर भाजपा महिला नेत्रियों के लिए अभद्र भाषा के प्रयोग का आरोप भी लगाया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *