शिमला। जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। कुमारसैन पुलिस ने बड़ी मात्रा में चरस की खेप बरामद की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को पुलिस थाना कुमारसैन की टीम, स्पेशल सेल शिमला के सहयोग से, सैंज चौक के समीप एनएच-305 लूहरी सड़क पर गश्त एवं नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान विश्वसनीय सूचना के आधार पर एचआरटीसी बस, जो कुल्लू से बागा सराहन की ओर जा रही थी, को जांच के लिए रोका गया।
बस में यात्रा कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान पंकज कुमार (30 वर्ष), निवासी गांव अपरढाह, डाकघर अपरढाह, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई। स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक पिट्ठू बैग में रखी कुल 5 किलो 652 ग्राम चरस बरामद की गई।
बरामद की गई चरस की मात्रा एनडीपीएस अधिनियम के तहत वाणिज्यिक (कमर्शियल) श्रेणी में आती है, जो गंभीर दंडनीय अपराध है और इसके लिए कठोर सजा का प्रावधान है। पुलिस थाना कुमारसैन में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा तथा मामले की गहन जांच जारी है।
जिला शिमला पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 108 मामलों में 229 नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। साथ ही 19 बड़े अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय नेटवर्कों को ध्वस्त किया गया है, जिससे युवाओं तक नशे की आपूर्ति पर प्रभावी रोक लगाने में मदद मिली है।
पुलिस ने दोहराया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
