Spread the love

शिमला। प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश की सड़कों की बदहाली ने किसानों और बागवानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। उन्होंने कहा कि बरसात के चलते चंबा, कुल्लू, मंडी और शिमला सहित कई जिलों में बड़ी संख्या में सड़कें बंद हैं, जिससे सेब और सब्ज़ियों की खेप समय पर मंडियों तक नहीं पहुंच पा रही। इससे किसान-बागवानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। 

जम्वाल ने कहा कि जब भी इस अहम मुद्दे पर सवाल उठाए जाते हैं, प्रदेश की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू केंद्र सरकार पर दोष मढ़ने लगते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार के अधीन आने वाले नेशनल हाईवे और फोरलेन मार्गों की बहाली का कार्य एनएचएआई और अन्य एजेंसियां लगातार कर रही हैं। लेकिन प्रदेश सरकार के अधीन आने वाले स्टेट हाईवे, मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड और लिंक रोड आज भी ठप पड़े हैं। 

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है और केवल बयानबाज़ी तथा दोषारोपण की राजनीति में व्यस्त है। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2023 की बरसात के दौरान भी प्रदेश की कई सड़कें महीनों तक बंद रही थीं और आज तक उनमें से कई मार्ग पूरी तरह से नहीं खुले। उन्होंने कहा कि सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है, जबकि किसान और आम जनता रोज़ परेशान हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों और बागवानों की समस्या से प्रदेश सरकार को कोई सरोकार नहीं है। सरकार का ध्यान केवल चेयरमैन और वाइस चेयरमैन की कुर्सियों के बंटवारे पर है, जबकि जनता की परेशानियों की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने मणिमहेश यात्रा का उदाहरण देते हुए कहा कि हज़ारों यात्री स्टेट हाईवे के बंद होने से फंसे रहे और यह प्रदेश सरकार की नाकामी को उजागर करता है।

जम्वाल ने मांग की कि प्रदेश सरकार तुरंत बंद पड़ी सड़कों को बहाल करे ताकि किसानों और बागवानों की उपज समय पर मंडियों तक पहुँच सके। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रदेश को हरसंभव मदद दे रही है और राज्य सरकार को भी अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करना होगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *