Spread the love

कहा – 45 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लेकर संस्थान बंद, टैक्स पर टैक्स लगाकर जनता की कमर तोड़ी, माफियाओं को संरक्षण दे रही कांग्रेस सरकार 

शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने 40 महीने भाजपा को कोसने में ही बिता दिए, लेकिन प्रदेश के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि अब हिमाचल प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार के कारनामों को भली-भांति समझ चुकी है और जान चुकी है कि यह सरकार दोषारोपण की राजनीति करते-करते प्रदेश की जनता को परेशान करने का काम कर रही है।

डॉ. बिन्दल ने कहा कि प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि करीब 45 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लेने के बावजूद प्रदेश में स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, पीएचसी, वेटेनरी अस्पताल और सरकारी दफ्तरों को धड़ाधड़ बंद क्यों किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के नाम पर केवल घोषणाएं कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर संस्थानों को बंद कर प्रदेश की जनता को बुनियादी सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार आए दिन नए-नए टैक्स लगाकर आम जनता का जीना मुहाल कर रही है। सरकार ने डीजल पर 7.50 रुपये वैट बढ़ाया, स्टाम्प ड्यूटी बढ़ाई, पानी और बिजली के दाम बढ़ाए, राशन डिपो में मिलने वाले राशन की कीमतें बढ़ाई और एचआरटीसी बसों के किराए में वृद्धि कर आम जनता की जेब पर भारी बोझ डाला है। अब एंट्री टैक्स के नाम पर 200 प्रतिशत तक दरें बढ़ाकर प्रदेश की जनता को महंगाई का एक और बड़ा झटका दिया गया है। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में वन माफिया और खनन माफिया बेलगाम हो चुके हैं और उन्हें कांग्रेस नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। सिरमौर जिले की घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि चीड़, खैर और साल के पेड़ माफिया की गिरफ्त में हैं, जबकि खनन माफिया के 200-250 टिप्पर पूरी-पूरी रात सिरमौर की सड़कों को रौंदते रहते हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन मौन बैठे हैं। 

डॉ. बिन्दल ने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और माफिया तंत्र सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहा है। उन्होंने कहा कि केवल भाजपा को दोष देकर कांग्रेस सरकार अपनी जिम्मेदारियों से नहीं बच सकती। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में कांग्रेस की इस जनविरोधी सरकार से जनता एक-एक फैसले का हिसाब जरूर लेगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *