रिकांगपिओ। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने शनिवार किन्नौर जिला के कल्पा उपमंडल की सांगला वैली की ग्राम पंचायत चांसू में 80 लाख रुपए की राशि से बने राजकीय माध्यमिक पाठशाला चांसू के नए भवन व 36 लाख रुपए की राशि से निर्मित राजकीय प्राथमिक पाठशाला चांसू के नए भवन का लोकार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने 30 लाख रुपए की लागत से निर्मित पशु चिकित्सालय भवन चांसू का भी लोकार्पण किया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा छात्रों को गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है और प्रदेश से सरकारी विद्यालयों में पहली कक्षा से अंग्रेजी मीडियम में पढ़ाई आरम्भ कर दी गई है। इसके अलावा प्रदेश के सरकारी विद्यालयों को सी.बी.एस.ई बोर्ड में परिवर्तित किया जा रहा है जिसके तहत जिला के भावानगर, सांगला, रिकांग पिओ व कानम के विद्यालयों को सी.बी.एस.ई बोर्ड से जोड़ा जाएगा।
बागवानी मंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार किसान एवं बागवान हितैषी है और किसानों और बागवानों की आय को दोगुना करने की दिशा में निरंतरता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जनजातीय क्षेत्र के लोगों के हितों की सशक्त पैरवी करते हैं और जनजातीय क्षेत्रों में गुणात्मक शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सड़क संयोजकता सुनिश्चित करने के साथ-साथ घर द्वार पर दुर्गम क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं ताकि इन क्षेत्रों के लोगों को विकास की मुख्य धारा में शामिल किया जा सके। उन्होंने लद्दाख के विश्व प्रसिद्ध वैज्ञानिक सोनम वांगचुक् की गिरफ्तारी को भारतीय लोकतंत्र पर कुठाराघात बताया।
ए.पी.एम.सी किन्नौर व शिमला के निदेशक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और उन्हें सांगला वैली की समस्याओं से अवगत करवाया।
जनजातीय विकास मंत्री ने इस अवसर पर महिला मंडल चांसू को सांस्कृतिक प्रस्तुति प्रस्तुत करने पर 15 हजार रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की।
