Spread the love

रिकांगपिओ। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने शनिवार को आइस स्केटिंग रिंक सांगला में खेल गतिविधियों का शुभारंभ किया।‌ इस दौरान राजस्व मंत्री ने कहा कि कल्पा के आइस स्केटिंग रिंक की तर्ज पर रक्छम और पूह उपमंडल के मलिंग में आइस स्केटिंग रिंक विकसित किए जाएंगे ताकि स्थानीय युवाओं एवं पर्यटकों को साहसिक खेलों के प्रति आकर्षित किया जा सके और उनमें सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित किया जा सके। 

जगत सिंह नेगी ने बताया कि कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के तहत जेएसडब्ल्यू को आइस स्केटिंग साहसिक खेल को बॉक्सिंग की तर्ज पर प्रोत्साहित करने को कहा जाएगा। इसके अलावा सीमा सड़क संगठन को छितकुल-रक्छम सड़क को दुरुस्त करने का कार्य दिया गया है ताकि लोगों को आवाजाही में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े और पर्यटकों  की संख्या में वृद्धि हो सके। 

कैबिनेट मंत्री ने सांगला में डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से निर्मित मल निकासी योजना का लोकार्पण किया और बरिंग नाग मंदिर परिसर में डेढ़ करोड़ की लागत से बनने वाले दो सामुदायिक भवनों का शिलान्यास किया और छः लाख रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक मैदान का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की जन समस्याएं भी सुनी और उनका त्वरित समाधान भी किया। 

इस अवसर पर किनफेड के अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, पंचायत समिति कल्पा की अध्यक्षा ललिता पंचारस, उपमंडलाधिकारी कल्पा अमित कल्थाईक, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति अभिषेक शर्मा, अधिशाषी अभियंता विद्युत टाशी छोड़ुप नेगी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण ललित जरयाल, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा डॉ. अरुण कुमार गौतम, उपपुलिस अधीक्षक भावानगर राज कुमार, चांसू ग्राम पंचायत प्रधान बीरबल नेगी, जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्षा सरोज नेगी, जे.एस.डब्ल्यू के सी.एस.आर प्रमुख दीपक डेविड सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारीगण, कार्यकर्ता व अन्य उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *