रोहित ठाकुर ने झड़ग में होने वाले शांत महायज्ञ को लेकर अफसरों के साथ की बैठक
शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शनिवार को उप मण्डल जुब्बल के तहत ग्राम पंचायत झड़ग में 35 लाख रुपये से निर्मित पंचायत भवन का एवं 18 लाख रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर रोहित ठाकुर ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में जनता को अधिक से अधिक सुविधा प्रदान करने और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ और मजबूत बनने के उद्देश्य से विभिन्न भवनों का निर्माण किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में आज झड़ग में इन दोनों भवनों को जनता को समर्पित किया जा रहा है।
रोहित ठाकुर ने बताया कि पंचायत भवन के निर्माण से जहां एक ओर पंचायती राज संस्थाओं के कार्यों में और अधिक दक्षता आएगी, वहीं दूसरी ओर सामुदायिक भवन के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक कार्यों के निर्वाहन में सुविधा होगी। इसके साथ ही रोहित ठाकुर ने झड़ग में 1 करोड़ 87 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन के निर्माण कार्य का निरिक्षण भी किया।
रोहित ठाकुर ने बताया कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान तत्कालीन जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के लिए 10 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत किये गए थे, जिनमें से झड़ग का स्वास्थ्य केंद्र एक है। उन्होंने निर्माण से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कामगारों को निर्देश दिये कि जल्द से जल्द इस भवन का निर्माण पूरा किया जाये जिससे कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं घर पर ही उपलब्ध हो सके।

झड़ग में होने वाले शांत महायज्ञ को लेकर की बैठक
रोहित ठाकुर ने झड़ग में आगामी 4,5,6 दिसंबर को होने वाले शांत महायज्ञ को लेकर अधिकारियों एवं स्थानीय ग्रामीणों के साथ हुई बैठक की अध्यक्षता की। रोहित ठाकुर ने बताया कि यह शांत महायज्ञ देवता नागेश्वर के सम्मान में 54 वर्षों के बाद मनाया जा रहा है। गौरतलब है कि देवता नागेश्वर बुशहर क्षेत्र के एक मुख्य देवता है जिनकी पूजा अर्चना 5 पंचायतों के ग्रामीण करते हैं। इस महायज्ञ में लगभग हज़ारों की संख्या में लोगों के आने की संभावना है। देवता कमेटी के सदस्यों द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार इस समारोह में बुशहर क्षेत्र के लगभग 20 देवी-देवताओं को आमंत्रित किया गया है। इन परिस्थितियों में यह आवश्यक है कि व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित और मजबूत किया जाए। रोहित ठाकुर ने पुलिस, मेडिकल, विद्युत, जल शक्ति, लोकनिर्माण, अग्निशमन एवं अन्य सभी महत्वपूर्ण विभागों के शीर्ष अधिकारियों से चर्चा करते हुए बताया कि वे इस बात को सुनिश्चित करें कि सभी प्रकार की सुविधाएं पूरी तरह से व्यवस्थित और मजबूत हो जिससे कि महायज्ञ में भाग लेने वाले लोगों को असुविधा न हो। उन्होंने पार्किंग, जल आपूर्ति और विद्युत आपूर्ति पर विशेष बल देते हुए बताया कि इन विभागों से जुड़े अधिकारी समय रहते अपनी तैयारियों को मुक़्क़मल कर ले जिससे कि आखिरी समय में कोई अव्यवस्था उत्पन्न ना हो। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों का आह्वान किया कि वे भी अधिकारियों के साथ सामंजस्य स्थापित करें, जिससे शांत महायज्ञ सफलतापूर्वक और सुरक्षित संपन्न हो सके।
इस अवसर पर प्रधान ग्राम पंचायत झड़ग के प्रधान अशोक सारटा, बीडीसी सदस्य मनोज, ग्राम पंचायत काईना के प्रधान रूपिन्दर ढालटा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष जुब्बल-कोटखाई दीपक कालटा नायब तहसीलदार जुब्बल, बीडीओ जुब्बल सहित अन्य सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
