कहा – बिहार में एनडीए की ऐतिहासिक जीत में पीएम मोदी के नेतृत्व और भाजपा की रणनीति ने फिर लिखी सफलता की कहानी
बोले – बिहार की जनता ने विकास व सुशासन के पक्ष में दिया निर्णायक जनादेश
शिमला। राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के परिणामों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की अवधारणा को जनता भरपूर समर्थन दे रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में मिली ऐतिहासिक एवं निर्णायक जीत का पूरा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के दूरदर्शी नेतृत्व, प्रभावी रणनीति और संगठनात्मक कौशल को जाता है।
महाजन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की जनकल्याणकारी, विकासोन्मुख और समाज के अंतिम व्यक्ति को सशक्त बनाने वाली नीतियों ने बिहार की जनता के हृदय को गहराई से प्रभावित किया है। गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों ने मतदाताओं का भरोसा और मजबूत किया। “विकसित भारत 2047” के उद्देश्य और उससे जुड़े ऐतिहासिक कदमों का प्रतिबिंब इस जनादेश में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
हर्ष महाजन ने कहा कि अमित शाह की अद्वितीय संगठन क्षमता, जे.पी. नड्डा के नेतृत्व में भाजपा संगठन की एकजुटता तथा धर्मेंद्र प्रधान के कुशल चुनाव प्रबंधन ने इस जीत को मजबूती प्रदान की। इन नेताओं ने जमीन स्तर पर मजबूत नेटवर्क, बूथ प्रबंधन, संवाद और रणनीति के माध्यम से एनडीए की राह को निर्णायक बनाया। उन्होंने बिहार की जागरूक जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों ने विकास, स्थिरता और सुशासन के पक्ष में विश्वास जताते हुए एनडीए को स्पष्ट जनादेश दिया। यह केवल एनडीए की जीत नहीं बल्कि बिहार की राजनीतिक परिपक्वता, जनता की जागरूकता और परिवर्तन की इच्छा का परिणाम है।
कांग्रेस पार्टी पर प्रहार करते हुए हर्ष महाजन ने कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर कांग्रेस को कठोर और स्पष्ट संदेश दिया है। उनकी अवसरवादी राजनीति, विचारहीनता और जनविरोधी नीतियों को जनता ने पूरी तरह नकार दिया है। यह पराजय दर्शाती है कि कांग्रेस का प्रभाव न केवल हिमाचल प्रदेश, बल्कि पूरे देश में लगातार क्षीण होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह विजय केवल चुनावी सफलता नहीं है, बल्कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उभरते नए भारत की सोच, पारदर्शी शासन और राष्ट्रवादी विकास मॉडल की जीत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में केंद्र की नीतियों और विकास योजनाओं से बिहार सहित पूरे देश का स्वरूप और तेजी से बदलेगा।
