शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की भारी जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की विजय बताया। उन्होंने कहा कि बिहार में प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी ने राज्य में विकास का एक ऐसा अध्याय लिखा है, जिसने कभी पिछड़ेपन का प्रतीक रहे बिहार को देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रांत के रूप में स्थापित कर दिया है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि बिहार की जनता ने इस चुनाव परिणाम के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया है कि वे झूठी गारंटियों और खोखले वादों की राजनीति को अब स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल कांग्रेस के नेता बिहार में “झूठी गारंटियों” का शोर मचाते हुए प्रचार करने पहुंचे थे, लेकिन जनता ने हिमाचल मॉडल को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव प्रचार के दौरान “वोट चोरी” का झूठा नैरेटिव फैलाने की कोशिश की, मगर इस अभियान का नेतृत्व करने वाले नेताओं को 10 सीटें भी नहीं मिलीं, जबकि पार्टी कुल मिलाकर पाँच सीटों तक सिमट गई, जो कांग्रेस के लिए बेहद शर्मनाक परिणाम है।
हिमाचल के संदर्भ में डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा कांग्रेस सरकार से त्रस्त है और आगामी चुनावों का बेसब्री से इंतजार कर रही है, ताकि कांग्रेस को सत्ता से हटाकर हिमाचल में मोदी नेतृत्व वाली सरकार को फिर से स्थापित किया जा सके।
बिहार की प्रचंड जीत पर डॉ. बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और संपूर्ण एनडीए नेतृत्व को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने बिहार की जनता के प्रति भी आभार व्यक्त किया, जिसने स्पष्ट जनादेश देकर एनडीए के विकास मॉडल को आगे बढ़ाने का अवसर दिया।
