प्रतिभा सिंह बोली – सफलतापूर्वक पूरा होगा यह अभियान
शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि प्रदेश में भाजपा के खिलाफ “वोट चोर, कुर्सी छोड़” के हस्ताक्षर अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया जाएगा। शनिवार को यह अभियान मुख्यमंत्री के हस्ताक्षर से शुरू किया गया है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशानिर्देश पर प्रदेश मामलों की प्रभारी सांसद रजनी पाटिल ने इस अभियान के लिये प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को संयोजक व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर को सह संयोजक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। इसके साथ-साथ सभी जिलों में विधायकों को भी अपने-अपने जिलों में हस्ताक्षर अभियान को पूरा करने की जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के लोकतंत्र को बचाने व भाजपा के वोट चोरी को रोकने के लिये देशभर में लोगों को इस अभियान के तहत जागरूक करने की दिशा में यह कांग्रेस का देशव्यापी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए जनमत की रक्षा के लिये सभी को एकजुटता के साथ आना होगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा, महाराष्ट्र व कर्नाटक में भाजपा ने वोट चोरी कर सत्ता हासिल की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह भाजपा के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान एक जन जागरण अभियान बनाया जाएगा। प्रदेश में इस अभियान को तेज गति से पूरा किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इस दौरान कहा कि आज इस अभियान की एक वर्चुअल बैठक कर इस अभियान के तौर तरीकों पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि यह हस्ताक्षर अभियान जिला, ब्लॉक से लेकर गांव-गांव तक जाएगा और इस हस्ताक्षर अभियान में सभी को जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि देश में राहुल गांधी की आवाज को मजबूत कर जनमत की रक्षा के लिए कांग्रेस एकजुटता के साथ खड़ी है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता इस अभियान के सह संयोजक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि इस अभियान की पूरी मॉनिटरिंग की जाएगी और प्रदेश से अधिक से अधिक हस्ताक्षर करवाकर इसे हाईकमान को भेजा जाएगा।
पत्रकार सम्मेलन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी चेतन चौहान व विदित चौधरी भी विशेष तौर पर उपस्थित थे।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में इस अभियान की देख रेख व मार्गदर्शन के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना भी की गई है। इस कंट्रोल रूम में हाउसिंग बोर्ड के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा को प्रभारी व कांगड़ा कॉपरेटिव बैंक निदेशक मंडल के सदस्य हरिकृष्ण हिमराल को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
