सरकार ने कर्मचारियों के हितों का रखा ध्यान – संजीव शर्मा
शिमला। हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं कर्मचारी संगठन का प्रतिनिधिमण्डल प्रधान संजीव शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को मुख्यमन्त्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से उनके सरकारी आवास ओकओवर में मिला। इस दौरान संगठन ने मुख्यमन्त्री को 06 सितंबर, 2025 को जारी हुई अधिसूचना के कारण कर्मचारियों को होने वाले प्रतिमाह वित्तीय नुक्सान जोकि 5000 रुपए से 15000 रुपए के लगभग था, के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उनसे इस अधिसूचना को वापिस लेने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने संगठन के आग्रह पर कर्मचारियों को इससे होने वाले नुकसान तथा कर्मचारियों की भावनाओं की कद्र करते हुए इस अधिसूचना को तुरंत रोकने का आश्वासन दिया।
इसके पश्चात संगठन के प्रधान संजीव शर्मा ने सचिवालय के प्रांगण में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए हुए भिन्न-भिन्न विभागों के सैकड़ों कर्मचारियों को सम्बोधित किया तथा मुख्यमन्त्री के साथ हुई मुलाकात का विवरण दिया। संजीव शर्मा ने अपने सम्बोधन में कहा कि प्रदेश के भिन्न-भिन्न जिलों से आए कर्मचारी उनके मेहमान हैं और वे वादा करते हैं कि वह अपने मेहमानों को खाली हाथ घर नहीं भेजेगे तथा तोहफे के तौर पर 06 सितंबर, 2025 को जारी की गई अधिसूचना को निरस्त एवं रोकने की प्रतिलिपी उन्हें सौंपेंगे।

संगठन के वरिष्ठ आप प्रधान रमन शर्मा ने बताया कि शाम 4 बजे तक अधिसूचना की प्रतिलिपी नहीं मिली, तो प्रदेश से आए कर्मचारियों में रोष बढ़ने लगा। उसके बाद संगठन के अध्यक्ष संजीव शर्मा की अगुवाई में प्रदेश से आए सभी कर्मचारी मुख्यमन्त्री के सरकारी आवास ओकओवर पहुंचे तथा मुख्यमन्त्री ने सभी कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि वे खुद कर्मचारी के बेटे हैं और कर्मचारियों का दर्द समझते हैं।
उन्होंने अपने सम्बोधन में यह भी कहा कि बड़ी हुई सैलरी कभी वापिस नहीं होती है और न ही कम होती है। इसके बाद मुख्यमन्त्री ने इस अधिसूचना पर तुरन्त प्रभाव से रोक लगाने के आदेश पारित किए। इसके लिए संगठन ने मुख्यमन्त्री का धन्यवाद किया। इस मुहिम में प्रदेश के कर्मचारियों ने हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं कर्मचारी संगठन पर विश्वास किया तथा इस मुहिम को अंजाम तक पहुंचाने के लिए पूरा सहयोग दिया। यह पहली बार हुआ है जब प्रदेश के कर्मचारियों ने अपने हक की लड़ाई सचिवालय कर्मचारी संगठन के बैनर तले लड़ी, जिसमें प्रदेश कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर ने भाग लिया। इसके लिए हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं कर्मचारी संगठन ने प्रदेश से आए सैंकड़ों कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
इस मुहिम में संगठन के महासचिव कमल कृष्ण शर्मा, वरिष्ठ उप-प्रधान रमन शर्मा, उप-प्रधान महिन्द्र, संयुक्त सचिव हुकम सिंह हुक्की, कोषाध्यक्ष रामपाल तथा सदस्यों में पुष्पलता, जगमेश, मिथुन, सुभाष, कुलदीप, अनिल, सुखदेव, व विनोद ने अहम भूमिका निभाई।
