Spread the love

आपदा में मारे गए हरेक व्यक्ति को देंगे 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि 

प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश के बाढ़ और वर्षा प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई सर्वेक्षण  

प्रधानमंत्री ने कांगड़ा में बैठक कर क्षति की समीक्षा और आकलन किया 

प्रधानमंत्री ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्र स्वयंसेवकों से भी मुलाकात की और उनके प्रयासों की सराहना की 

शिमला। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हुई भारी वर्षा, बादल फटने और भूस्खलन से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए मंगलवार को राज्य का दौरा किया। प्रधानमंत्री ने चंबा, भरमौर, कांगड़ा सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर नुकसान का प्रत्यक्ष आकलन किया।‌ इसके बाद, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कांगड़ा में एक आधिकारिक बैठक की, जिसमें राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में हुए नुकसान का आकलन भी किया गया। प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश के लिए 1500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की। 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार इस आपदा की घड़ी में प्रदेश सरकार और जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर संवेदनाएं प्रकट कीं और मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये व गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि राहत कार्यों के तहत एसडीआरएफ की दूसरी किस्त अग्रिम जारी की जाएगी। वहीं पीएम किसान सम्मान निधि और पीएम आवास योजना के अंतर्गत विशेष सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। क्षतिग्रस्त मकानों और स्कूल भवनों का जियो-टैगिंग कर शीघ्र पुनर्निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों की बहाली, पशुधन के लिए मिनी किट वितरण और जल संरक्षण के लिए रिचार्ज संरचनाओं का निर्माण भी किया जाएगा। 

प्रधानमंत्री मोदी ने प्रभावित किसानों की विशेष चिंता जताते हुए कहा कि जिन किसानों के पास बिजली कनेक्शन नहीं हैं, उन्हें भी अतिरिक्त सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की अंतर-मंत्रालयी टीमें पहले ही प्रदेश का दौरा कर रही हैं और उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे और सहायता पर विचार होगा।

पीएम ने आपदा प्रभावित परिवारों से की मुलाकात 

प्रधानमंत्री मोदी ने आपदा से प्रभावित परिवारों से भी मुलाकात की। उन्होंने इस आपदा में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना और गहरा दुःख व्यक्त किया। वे वहां उस एक वर्षीय बच्ची से भी मिले, जिसके सभी परिवारजन आपदा‌ में स्वर्ग सिधारे। मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार इस कठिन समय में राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करेगी और हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने तत्काल राहत और बचाव कार्यों में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, राज्य प्रशासन और अन्य सेवा-केंद्रित संगठनों के कर्मियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य के ज्ञापन और केंद्रीय टीमों की रिपोर्ट के आधार पर मूल्यांकन की फिर से समीक्षा करेगी। प्रधानमंत्री ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आश्वासन दिया कि केन्द्र सरकार स्थिति से निपटने के लिए सभी प्रयास करेगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *