Spread the love

जिला परिषद किन्नौर की त्रैमासिक समीक्षा बैठक अध्यक्ष निहाल चारस की अध्यक्षता में सम्पन्न

रिकांगपिओ। जिला परिषद किन्नौर की त्रैमासिक समीक्षा बैठक शुक्रवार को परिषद सभागार, रिकांगपिओ में जिला परिषद अध्यक्ष निहाल चारस की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं, योजनाओं के क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

जिला परिषद अध्यक्ष निहाल चारस ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विकास कार्यों को तेज़ी से पूर्ण करें और यह सुनिश्चित करें कि सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक समयबद्ध रूप से पहुंचे। उन्होंने कहा कि परिषद सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में स्वास्थ्य, जल शक्ति, लोक निर्माण, ग्रामीण विकास, विद्युत और कृषि विभागों से संबंधित विषयों पर गहन चर्चा की गई। परिषद सदस्यों ने अधूरे कार्यों, सड़कों की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति की समस्याएं और स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों एवं स्टाफ की कमी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। 

बैठक का संचालन जिला पंचायत अधिकारी संजय कुमार ने किया। इस दौरान पिछली बैठकों के लंबित प्रस्तावों की प्रगति की समीक्षा की गई और संबंधित विभागों द्वारा अब तक किए गए कार्यों की जानकारी भी अध्यक्ष को दी गई।

इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सहायक आयुक्त, उपायुक्त अभिषेक बरवाल, जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रिया नेगी, खंड विकास अधिकारी निचार प्यारे लाल नेगी और पूह के बसंत नेगी, पंचायत समिति अध्यक्ष कल्पा ललिता पंचारस व पूह की जय लक्ष्मी, जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, शांता कुमार, भरत सिंह, विजेंदर कुमार, सरिता, अराधना, मीरा देवी नेगी सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *