Spread the love

बिशू मेला मोहरावग मुंडू में मुख्य अतिथि बने कुलदीप सिंह राठौर, मेला समिति को ₹50,000 और ठोडा दलों को ₹5,100 की अनुदान राशि घोषित

ठियोग। ठियोग विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने आज ठियोग बाजार में निर्माणाधीन सड़क का औचक निरीक्षण किया। यह सड़क हालिया आपदाओं में क्षतिग्रस्त हो गई थी और पुनर्निर्माण कार्य चल रहा है। राठौर बिशू मेला मोहरावग मुंडू में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेने जा रहे थे, उसी दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की स्थिति का जायज़ा लिया।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक को अवगत करवाया कि सड़क निर्माण कार्य अपेक्षा से कहीं धीमी गति से चल रहा है, जिससे आम जनमानस को खासी परेशानी हो रही है। इस पर उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से नाराज़गी जाहिर की और कार्य में तेजी लाने के सख़्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह निर्माण कार्य एनएच के मानकों के अनुसार होगा और इसमें पानी की समुचित निकासी तथा निर्माण गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाएगा, ताकि भविष्य में यह सड़क आपदाओं के बावजूद टिकाऊ बनी रहे।

विधायक राठौर ने स्थानीय नागरिकों और वाहन मालिकों से अपील की कि वे निर्माण कार्य में सहयोग करें और सड़क किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न करें, जिससे कार्य में बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में यह संदेश भी दिया कि ठियोग में भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सड़क निरीक्षण के बाद विधायक कुलदीप सिंह राठौर बिशू मेला मोहरावग मुंडू पहुंचे, जहां स्थानीय जनता ने उनका भव्य स्वागत किया। इस पारंपरिक मेले में राठौर ने लोगों के साथ पारंपरिक ठोडा नाटी में भाग लेकर न केवल आयोजन की गरिमा बढ़ाई, बल्कि क्षेत्रीय संस्कृति के प्रति अपना प्रेम और सम्मान भी प्रकट किया। उनके साथ टिक्का दिग्विजय चंद भी उपस्थित रहे, जिन्होंने भी पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

इस अवसर पर कुलदीप सिंह राठौर ने मेला कमेटी को ₹50,000 की राशि तथा चारों ठोडा दालों को ₹5,100-₹5,100 की सहायता राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बिशू मेला केवल उत्सव नहीं, बल्कि हमारी परंपरा, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने इसे संरक्षित रखने के लिए समाज के हर वर्ग से सहयोग की अपील की।

मेला स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में दिग्विजय सिंह, राजेश कंवर, रणधीर वर्मा, संजय शर्मा, प्रधान भगत राम, राजिंदर राठौर, रणजीत, इंदर सिंह, आशीष चौहान सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साह, उमंग और लोकसंस्कृति की सजीव प्रस्तुति का साक्षी बना।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *